Toll Tax: बढ़ती महंगाई के इस दौर में आम जनता को एक और झटका लग सकता है। अगले महीने से टोल टैक्स में बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाना महंगा हो जाएगा।
NHAI की तैयारी
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इसकी तैयारी कर चुका है और बढ़ी हुई दरें अगले महीने से लागू हो जाएंगी। राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों और संग्रह का निर्धारण) नियम, 2008 के अनुसार, शुल्क दरों को हर साल 1 अप्रैल से संशोधित किया जाता है। टोल टैक्स की वृद्धि इसी दिन से लागू होती रही है।
कितना बढ़ेगा
मिली जानकारी के अनुसार NHAI टोल टैक्स में 5-10 फीसदी की बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार संशोधित टोल दरों का प्रस्ताव NHAI की परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU) से 25 मार्च तक भेजा जाएगा। जिसके बाद सड़क एवं परिवहन मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद यह अप्रैल से लागू हो जाएंगा। जिसमें कारों और हल्के वाहनों के लिए टोल दरों में पांच प्रतिशत की वृद्धि होगी और अन्य भारी वाहनों के लिए यह 10 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है।
एक्सप्रेस-वे का हाल
NHAI के इस फैसले से एक्सप्रेसवे का सफर भी महंगा हो जाएगा। यहां भी टोल टैक्स में वृद्धि हो जाएगी। वर्तमान में एक्सप्रेसवे पर 2.19 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इसमें करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। साथ ही मासिक पास की दरों में भी वृद्धि हो सकती है।
पिछले साल भी बढ़ा था टोल
पिछले साल अप्रैल में भी NHAI ने टोल टैक्स बढ़ाया था। तब 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई थी।
