बिजनेस

रिटायरमेंट के बाद हर महीने ₹50 हजार चाहिए पेंशन, जानें कितनी रकम करनी होगी जमा

एनपीएस निवेश करने वालों को टैक्स बेनिफिट भी देता है। इनकम टैक्स एक्ट की सेक्शन 80C के तहत एनपीएस में किए गए निवेश पर 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा, यह “EEE कैटेगरी” में आता है, यानी निवेश, रिटर्न और मैच्योरिटी तीनों पर टैक्स फ्री बेनिफिट मिलता है।

Image

Retirement Fund

अगर आप चाहते हैं कि रिटायरमेंट के बाद आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे और आपको किसी पर निर्भर न रहना पड़े, तो नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह स्कीम न केवल आपको एक बड़ा रिटायरमेंट फंड बनाने में मदद करती है, बल्कि इसके जरिए आप रिटायरमेंट के बाद हर महीने स्थायी पेंशन भी पा सकते हैं। अगर आप सोच-समझकर निवेश करें तो रोजाना सिर्फ ₹200 निवेश करके ₹50,000 महीना पेंशन हासिल करना संभव है।

क्या है NPS?

एनपीएस की शुरुआत जनवरी 2004 में सरकारी कर्मचारियों के लिए की गई थी, लेकिन साल 2009 में इसे सभी नागरिकों के लिए खोल दिया गया। इस स्कीम में आप अपनी कामकाजी उम्र के दौरान नियमित रूप से पैसे जमा करते हैं। जब आप 60 साल के हो जाते हैं, तो जमा हुई रकम में से कुछ हिस्सा निकाला जा सकता है और बाकी रकम से एन्युटी (Annuity) खरीदकर मासिक पेंशन पाई जा सकती है।

एनपीएस निवेश करने वालों को टैक्स बेनिफिट भी देता है। इनकम टैक्स एक्ट की सेक्शन 80C के तहत एनपीएस में किए गए निवेश पर 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा, यह “EEE कैटेगरी” में आता है, यानी निवेश, रिटर्न और मैच्योरिटी तीनों पर टैक्स फ्री बेनिफिट मिलता है।

कितना करना होगा निवेश?

अब बात करते हैं कि ₹50,000 महीना पेंशन पाने के लिए कितना निवेश करना होगा। नए नियमों के मुताबिक, एनपीएस में जमा फंड का कम से कम 40% हिस्सा एन्युटी खरीदने में लगाना जरूरी है। इसका मतलब है कि मैच्योरिटी के बाद आप पूरी रकम नहीं निकाल सकते। आपके जमा पैसे का 60% आप एकमुश्त निकाल सकते हैं, जबकि 40% से आपको एन्युटी खरीदनी होती है, जिससे हर महीने पेंशन मिलती है।

अगर आप चाहते हैं कि रिटायरमेंट के बाद आपको हर महीने ₹50,000 की पेंशन मिले, तो आपके पास लगभग ₹2.5 करोड़ का एनपीएस फंड होना चाहिए। मान लीजिए अगर आप 24 साल की उम्र में एनपीएस अकाउंट खोलते हैं और हर महीने ₹6,000 का निवेश करते हैं, तो 60 साल की उम्र तक यानी 36 सालों में आपका निवेश ₹25.9 लाख के करीब होगा।

कितना मिलता है रिटर्न?

अगर इस दौरान एनपीएस पर औसतन 10% का रिटर्न मिलता है, तो आपकी कुल फंड वैल्यू करीब ₹2.54 करोड़ हो जाएगी। अब जब आप इस राशि में से 40% यानी करीब ₹1.02 करोड़ से एन्युटी खरीदेंगे, तो इस पर सालाना लगभग ₹6 लाख रुपये ब्याज मिलेगा। यानी हर महीने करीब ₹50,000 की पेंशन आपको आराम से मिल सकती है।

एनपीएस एक सुरक्षित और लंबी अवधि वाला निवेश विकल्प है, जो आपको रिटायरमेंट के बाद भी आर्थिक सुरक्षा देता है। अगर आप जल्दी निवेश शुरू करते हैं और नियमित रूप से योगदान करते हैं, तो रिटायरमेंट के समय एक बड़ा फंड बनाना और हर महीने अच्छी पेंशन पाना पूरी तरह संभव है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article