N Chandrasekaran Success Story : टाटा संस (Tata Sons) के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन (Natarajan Chandrasekaran), जिन्हें एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) के नाम से जाना जाता है, रतन टाटा (Ratan Tata) के सबसे खास लोगों में शामिल हैं। वे टाटा संस के साथ-साथ एयर इंडिया (Air India) के भी चेयरमैन हैं, जो अब टाटा ग्रुप (Tata Group) का ही हिस्सा है।
किसान परिवार में जन्मे चंद्रशेखरन की कामयाबी की कहानी काफी दिलचस्प है। उनकी कहानी Netflix की एक डॉक्यूमेंट्री में दिखाई गई है, जिसका टाइटल 'Working: What We Do All Day' है। इस डॉक्यूमेंट्री में चंद्रशेखरन ने पर्सनल और प्रोफेश्नल लाइफ के साथ-साथ अपने बचपन से जुड़ी खास यादों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उनमें हार्ड वर्क की भावना जगाई, जो उनके 3 दशक लंबे करियर में बहुत काम आई।
पिता की खेती में मदद
डॉक्यूमेंट्री में चंद्रशेखरन ने बताया कि वे खेती में अपने पिता की मदद करते थे और यही उनकी पहली जॉब थी। पर उन्हें अपनी पहली जॉब में मजा नहीं आया। उन्होंने खेती को छोड़ कर Computer Science को चुना और ग्रेजुएशन कंप्लीट करने के बाद वे 1987 में Tata Group में बतौर इंटर्न शामिल हुए।
इस डॉक्यूमेंट्री की खास बात यह है कि इसे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा (Former US President Barack Obama) ने होस्ट किया और चंद्रशेखरन इस शो में एकमात्र भारतीय ग्रुप हेड रहे।
मां ने किया सपोर्ट
चंद्रशेखरन की मां मीनाक्षी ने भी खेती की और अपने 4 बच्चों को पालने में अहम भूमिका निभाई। चंद्रशेखरन के मुताबिक जीवन में उन्होंने जो कामयाबी हासिल की, उसके पीछे वे अवसर भी हैं, जो उन्हें मिले। इन्हीं अवसरों से वे कामयाबी की सीढ़ियां चढ़े और टाटा संस के चेयरमैन तक बने।
सबसे अधिक वेतन पाने वाले बिजनेस एक्जीक्यूटिव
2019 में एन चंद्रशेखरन का सालाना पैकेज 65 करोड़ रु था। 2021-2022 में टाटा ग्रुप के चेयरमैन को 109 करोड़ रुपए का पैकेज मिला। इसके साथ ही वह भारत में सबसे अधिक वेतन पाने वाले बिजनेस एक्जीक्यूटिव बने।
बेहद सादा है जीवन
शो-ऑफ से दूर और स्वास्थ्य पर ध्यान देने वाले चंद्रशेखरन काफी सिंपल लाइफ जीते हैं। सुबह वे एक बड़ा चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स सबसे पहले खाते हैं। नाश्ते में वे हेल्दी ड्रिंक पीते हैं। उनकी अपनी पत्नी ललिता से बॉन्डिंग काफी मजबूत है।
