Milk Price Hike : राजस्थान में आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड यानी जयपुर डेयरी ने गुरुवार (21 मई 2026) से सरस दूध (Saras Milk Price Hike) और उससे जुड़े कई उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। डेयरी प्रशासन द्वारा जारी नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब लोगों को दूध, दही, छाछ, लस्सी और पनीर खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
सरस दूध अब 2 रुपये महंगा
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक जयपुर डेयरी की ओर से जारी नई दरों के अनुसार सरस टोंड दूध की कीमत में प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह दूध 54 रुपये प्रति लीटर मिलता था, लेकिन अब ग्राहकों को इसके लिए 56 रुपये चुकाने होंगे। वहीं सरस स्टैंडर्ड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसके अलावा सरस गोल्ड दूध भी अब 68 रुपये की बजाय 70 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। डेयरी अधिकारियों का कहना है कि उत्पादन लागत और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी होने के कारण यह फैसला लिया गया है। हालांकि कीमत बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
दही और पनीर के दाम भी बढ़े
दूध के साथ-साथ डेयरी ने दही और पनीर की कीमतों में भी इजाफा किया है। अब 200 ग्राम पनीर का पैक 76 रुपये की जगह 80 रुपये में मिलेगा। वहीं एक किलो पनीर का पैक 362 रुपये से बढ़ाकर 385 रुपये कर दिया गया है। दही की कीमतों में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी की गई है। 200 ग्राम दही का पैक, जो पहले 16 रुपये में मिलता था, अब 18 रुपये में मिलेगा। इसी तरह 400 ग्राम दही का पैक 32 रुपये से बढ़कर 36 रुपये का हो गया है।
छाछ और लस्सी भी हुई महंगी
गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली छाछ और लस्सी की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। सादी छाछ की कीमत में एक रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं नमकीन छाछ और लस्सी अब दो रुपये ज्यादा कीमत पर उपलब्ध होंगी। गर्मियों में बड़ी संख्या में लोग छाछ और लस्सी का सेवन करते हैं। ऐसे में कीमत बढ़ने से इसका असर रोजाना खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर साफ दिखाई देगा।
आम लोगों की बढ़ी चिंता
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर मध्यम वर्ग और रोजाना दूध का इस्तेमाल करने वाले परिवारों के मासिक बजट पर इसका असर पड़ सकता है। शहर के कई लोगों का कहना है कि पहले से ही रसोई का खर्च बढ़ा हुआ है और अब दूध व डेयरी उत्पाद महंगे होने से घरेलू बजट और बिगड़ जाएगा। जयपुर डेयरी की नई कीमतें लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक खर्च करना पड़ेगा।
