बिजनेस

Microsoft Layoffs: AI पर बढ़ते Investment के बीच फिर 4,800 कर्मचारियों की छंटनी, क्या है वजह?

AI पर बढ़ते निवेश के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी का एलान किया है। कंपनी करीब 4,800 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर एक्सबॉक्स और गेमिंग कारोबार पर पड़ेगा।

Image

माइक्रोसॉफ्ट में बड़ी छंटनी

Microsoft Layoffs : टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर आ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारी निवेश और अपने बिजनेस मॉडल को नए सिरे से रीस्ट्रक्चर (पुनर्गठन) करने के चक्कर में कंपनी ने अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से 2.1% यानी लगभग 4,800 कर्मचारियों की छंटनी करने का एलान किया है।

इस छंटनी की सबसे बड़ी गाज माइक्रोसॉफ्ट के मशहूर गेमिंग वर्टिकल Xbox और उसके कमर्शियल बिजनेस पर गिरी है। इस फैसले के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबारी सत्र में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 1.5% की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले इसी साल माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका में एक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (Voluntary Retirement) प्रोग्राम भी शुरू किया था, जिसे एक-तिहाई पात्र कर्मचारियों ने स्वीकार कर लिया था। जबकि, पिछले साल भी रीस्ट्रक्चरिंग के नाम पर करीब 9,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था।

संकट में Xbox: 20% स्टाफ कम होगा

माइक्रोसॉफ्ट के इस फैसले से गेमिंग की दुनिया में हड़कंप मच गया है। कंपनी अपने Xbox डिवीजन के आकार को बहुत छोटा कर रही है। Xbox की सीईओ (CEO) आशा शर्मा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 तक गेमिंग डिवीजन से कुल 3,200 पद खत्म किए जाएंगे, जिसमें से 1,600 कर्मचारियों को तुरंत हटा दिया गया है, जबकि बाकी 1,600 को अगले एक साल में चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा।

4 बड़े गेमिंग स्टूडियो होंगे अलग

इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट अपने 4 बड़े गेमिंग स्टूडियो को भी खुद से अलग कर रहा है। Compulsion Games और Double Fine Productions दोबारा से स्वतंत्र (Independent) कंपनियां बनेंगी। Ninja Theory और Undead Labs को नए मालिकों (New Ownership) को सौंपने की तैयारी है। फ्रांस स्थित Arkane Studios के भविष्य को लेकर वहां की लोकल वर्क्स काउंसिल के साथ रणनीतिक बातचीत चल रही है।

माइक्रोसॉफ्ट ने क्या दलील दी?

कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक मेमो में माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपुल ऑफिसर एमी कोलमैन (Amy Coleman) ने तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य को इस छंटनी की वजह बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि ऑटोमेशन और एआई के कारण काम करने का तरीका बदल रहा है, लेकिन उन्होंने इस बात को खारिज किया कि नौकरियां सीधे AI की वजह से जा रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपुल ऑफिसर, एमी कोलमैन का कहना है कि मैं यह साफ और सीधे तौर पर कहना चाहती हूं कि जिन पदों को आज खत्म किया गया है, उन्हें AI से रिप्लेस (प्रतिस्थापित) नहीं किया जा रहा है। लेकिन हां, यह बिल्कुल सच है कि AI हमारे काम करने के तरीके को बदल रहा है। रूटीन टास्क अब ऑटोमेट हो रहे हैं, जिसके कारण कर्मचारियों को नई स्किल्स सीखने और नए रोल्स में ढलने की जरूरत है।

शेयरों में 19% की गिरावट

यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब माइक्रोसॉफ्ट का स्टॉक इस साल 19% तक टूट चुका है और यह अन्य बड़ी टेक कंपनियों (जैसे ऐपल, गूगल) के मुकाबले काफी खराब प्रदर्शन कर रहा है। कंपनी के लिए चिंता की बात यह है कि उसके कोर बिजनेस में कमजोरी दिख रही है। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस Azure और प्रोफेशनल नेटवर्क LinkedIn अभी भी अच्छी ग्रोथ दिखा रहे हैं। लेकिन, विंडोज लाइसेंसिंग (Windows licensing), सरफेस डिवाइसेज (Surface devices) और Xbox गेमिंग बिजनेस का रेवेन्यू लगातार कमजोर हुआ है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article