Market Capitalisation of Sensex's Top 10 Companies: सेंसेक्स की टॉप 10 में से 6 कंपनियों के मार्केट कैप में बीते सप्ताह कुल 70,486.95 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को हुआ। पिछले सप्ताह जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एचडीएफसी के मार्केट कैप में गिरावट आई, तो वहीं आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस और भारती एयरटेल का मार्केट कैप चढ़ गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में 27,941.49 करोड़ रुपये की गिरावट
पिछले सप्ताह रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 27,941.49 करोड़ रुपये घटकर 16,52,702.63 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस के बाजार मूल्यांकन में 19,027.06 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 11,78,854.88 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 10,527.02 करोड़ रुपये घटकर 9,20,568.10 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी का मार्केट कैप 9,585.82 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,99,848.62 करोड़ रुपये पर आ गया। एसबीआई का बाजार मूल्यांकन 2,722.01 करोड़ रुपये टूटकर 5,13,209.81 करोड़ रुपये रह गया। आईटीसी का मूल्यांकन 683.55 करोड़ रुपये घटकर 5,21,852.46 करोड़ रुपये पर आ गया।
इन्फोसिस के मार्केट कैप में 9,733.98 करोड़ रुपये की बढ़त
इस रुख के उलट इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 9,733.98 करोड़ रुपये बढ़कर 5,26,491.90 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 7,722.54 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,49,050.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 7,716.4 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 6,67,196.10 करोड़ रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 4,229.27 करोड़ रुपये बढ़कर 6,20,621.04 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
नुकसान के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज का दबदबा कायम
टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम है। उसके बाद टीसीएस दूसरे, एचडीएफसी बैंक तीसरे, आईसीआईसीआई बैंक चौथे, हिंदुस्तान यूनिलीवर 5वें, इन्फोसिस छठें, आईटीसी 7वें, एसबीआई 8वें, एचडीएफसी 9वें और भारती एयरटेल 10वें स्थान पर हैं।
भाषा इनपुट्स के साथ
