LIC New Jeevan Sathi Plan: एलआईसी (Life Insurance Corporation of India) ने अपने ग्राहकों के लिए दो नए जीवन बीमा प्लान लॉन्च किए हैं, जिनका नाम न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम और न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम रखा गया है। ये दोनों योजनाएं ग्राहकों के लिए 1 जून 2026 से उपलब्ध होंगी। कंपनी की ओर से इन योजनाओं को खासतौर पर विवाहित दंपतियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है।
ये दोनों योजनाएं संयुक्त जीवन बीमा योजनाएं हैं, जिनमें पति और पत्नी दोनों को एक ही पॉलिसी के तहत कवर दिया जाएगा। इन योजनाओं का उद्देश्य परिवार को वित्तीय सुरक्षा के साथ बचत का लाभ भी देना है।
न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम
न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम की बात करें तो इस योजना में ग्राहक को केवल एक बार प्रीमियम जमा करना होगा। इस योजना में प्रत्येक 1,000 रुपये की मूल बीमा राशि पर 70 रुपये की गारंटीड अतिरिक्त राशि मिलेगी। इसके अलावा पॉलिसीधारक अपनी जरूरत के अनुसार मृत्यु लाभ विकल्प और पॉलिसी अवधि चुन सकेंगे। इस योजना में ग्राहकों को मैच्योरिटी राशि और मृत्यु लाभ को किस्तों में प्राप्त करने का विकल्प भी मिलेगा। साथ ही, अधिक बीमा राशि लेने पर विशेष छूट का लाभ दिया जाएगा। मौजूदा पॉलिसीधारकों और मृत पॉलिसीधारक के नामांकित व्यक्ति को भी रियायत उपलब्ध होगी।
इसके अलावा, पॉलिसी पर ऋण सुविधा का लाभ भी मिलेगा। यानी जरूरत पड़ने पर ग्राहक अपनी पॉलिसी के आधार पर लोन ले सकेंगे।
न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम
वहीं न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम योजना में ग्राहक को सीमित अवधि तक प्रीमियम जमा करना होगा। इस योजना की खास बात यह है कि अगर प्रीमियम भुगतान अवधि के दौरान किसी एक जीवनसाथी की मृत्यु हो जाती है, तो आगे के प्रीमियम माफ किए जा सकते हैं।
इस योजना में कुल वार्षिक प्रीमियम पर 7 प्रतिशत की दर से गारंटीड अतिरिक्त राशि दी जाएगी। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार प्रीमियम भुगतान अवधि, पॉलिसी अवधि और मृत्यु लाभ विकल्प चुन सकते हैं।
इस योजना में भी मैच्योरिटी राशि और मृत्यु लाभ को किस्तों में लेने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्राहक अतिरिक्त प्रीमियम देकर राइडर लाभ भी जोड़ सकते हैं, जिससे बीमा सुरक्षा को और बढ़ाया जा सकेगा।
दोनों योजनाओं में ऋण सुविधा उपलब्ध होगी और इन्हें ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो एक ही पॉलिसी में सुरक्षा और बचत दोनों का लाभ चाहते हैं। एलआईसी का कहना है कि ये योजनाएं परिवार को दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा देने में मदद कर सकती हैं। साथ ही, ग्राहकों को अपनी जरूरत और वित्तीय योजना के अनुसार पॉलिसी चुनने का विकल्प भी मिलेगा।
