बिजनेस

Lenskart IPO GMP: तेजी से भर रहा है इश्यू, जानें कितनी कमाई कर सकते हैं निवेशक

Lenskart के IPO को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। लिस्टिंग से पहले ही यह इश्यू बाजार में खूब चर्चा में है और सब्सक्रिप्शन लगातार बढ़ रहा है। ग्रे मार्केट प्रीमियम भी मजबूत संकेत दे रहा है कि लिस्टिंग पर अच्छा मुनाफा मिल सकता है। ऐसे में रिटेल से लेकर बड़े संस्थागत निवेशक तक इस IPO में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

Lenskart IPO

Lenskart Solutions Ltd का IPO निवेशकों के बीच काफी चर्चा में है और इसकी शुरुआत भी मजबूत रही है। दूसरे दिन तक यह इश्यू 1.27 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। यह IPO 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने प्रति शेयर ₹382 से ₹402 तक का प्राइस बैंड तय किया है और ऊपरी प्राइस पर कंपनी का मूल्यांकन लगभग ₹69,700 करोड़ से अधिक बैठता है। वहीं ग्रे मार्केट में इस IPO का प्रीमियम यानी GMP ₹85 चल रहा है, जिसका मतलब है कि लिस्टिंग के दिन शेयर लगभग ₹487 तक जा सकते हैं यानी 21% तक का अनुमानित मुनाफा।

इतना भरा इश्यू

इस IPO में कंपनी ₹2,150 करोड़ के नए शेयर जारी कर रही है और साथ ही मौजूदा प्रमोटर और निवेशक अपने शेयर बेचेंगे, जिसकी कुल संख्या 12.75 करोड़ इक्विटी शेयर है। दूसरे दिन तक खुदरा निवेशकों ने जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई और यह हिस्सा 1.72 गुना भर गया। QIB यानी बड़े वित्तीय संस्थानों की तरफ से भी अच्छा रिस्पांस मिला और यह हिस्सा 1.42 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारी हिस्सा भी 1.43 गुना तक भर गया है। बुधवार सुबह 10:18 बजे तक करीब 12.68 करोड़ शेयरों के लिए बोली लग चुकी थी, जबकि उपलब्ध शेयर 9.97 करोड़ थे, जो निवेशकों की मजबूत रुचि को दिखाता है।

GMP कितना चल रहा है?

ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP लगातार बदलता दिख रहा है। अभी ₹85 चल रहा है, लेकिन पिछले दिनों यह ₹48 से लेकर ₹108 तक भी गया था। इससे बाजार की सकारात्मक उम्मीदें साफ नजर आती हैं। अगर बाजार का माहौल अच्छा रहा तो लिस्टिंग पर अच्छा रिटर्न मिलने के संकेत हैं।

कंपनी इस IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपने स्टोर नेटवर्क को पूरे देश में और बढ़ाने, किराए और लाइसेंसिंग खर्चों को पूरा करने, ब्रांड मार्केटिंग और टेक्नोलॉजी को और मजबूत करने में करेगी। Lenskart की शुरुआत साल 2008 में हुई थी और 2013 में कंपनी ने दिल्ली में अपना पहला स्टोर खोला। आज कंपनी के भारत में 2,067 से अधिक स्टोर हैं और यह दक्षिण-पूर्व एशिया और मध्य-पूर्व तक अपना विस्तार कर चुकी है। कंपनी का EBITDA मार्जिन भी बेहतर हो रहा है। FY23 में यह 7% था और उम्मीद है कि FY25 तक यह करीब 14.7% तक पहुंच जाएगा, जो निवेशकों के भरोसे को मजबूत करता है।

ये भी पढ़ें: Explainer: कैसे मिलता है IPO का अलॉटमेंट, क्या होती हैं शर्तें, डिटेल में जानें पर्दे के पीछे की पूरी कहानी

ब्रोकरेज की क्या है राय

बड़े ब्रोकरेज हाउस जैसे SBICAP Securities और SMIFS ने इस IPO को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि भारत में आईवियर मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और Lenskart इस क्षेत्र में मजबूत ब्रांड और बिजनेस मॉडल के साथ आगे है। हालांकि हर निवेश की तरह इसमें भी जोखिम हैं, इसलिए निवेशकों को अपनी निवेश अवधि और जोखिम क्षमता को ध्यान में रखते हुए फैसला करना चाहिए।

इस IPO का अलॉटमेंट 6 नवंबर को होगा और शेयरों की लिस्टिंग 10 नवंबर को BSE और NSE पर होने की उम्मीद है। सब्सक्रिप्शन और GMP ट्रेंड्स को देखते हुए बाजार में इस IPO को लेकर उत्साह बना हुआ है और निवेशक इसके आगे के प्रदर्शन पर नजर रखे हुए हैं।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article