खास तरह के रसायन बनाने वाली कंपनी क्रोनॉक्स लैब साइंसेज का शेयर सोमवार को अपनी लिस्टिंग के दिन निर्गम मूल्य से करीब 18 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ। बीएसई पर क्रोनॉक्स का शेयर 136 रुपये के अपने निर्गम मूल्य से 21.32 प्रतिशत उछाल के साथ 165 रुपये के भाव पर बाजार में लिस्ट हुआ। हालांकि, बाद में यह थोड़ा गिरकर 159.35 रुपये के भाव पर बंद हुआ जो निर्गम मूल्य से 17.16 प्रतिशत अधिक है।
जोरदार हुई लिस्टिंग
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर कंपनी का शेयर 164.95 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ जो निर्गम मूल्य से 21.28 प्रतिशत अधिक है। कारोबार के अंत में इसका भाव 159.90 रुपये प्रति शेयर रहा जो निर्गम मूल्य से 17.57 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही कंपनी का बाजार मूल्यांकन 591.25 करोड़ रुपये आंका गया।
आईपीओ का प्राइस बैंड
क्रोनॉक्स लैब साइंसेज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को निर्गम के अंतिम दिन बुधवार को 117.25 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 129-136 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। निर्गम खुलने के पहले कंपनी ने एंकर (बड़े) निवेशकों से 39.04 करोड़ रुपये जुटाए थे।
क्या बनाती है कंपनी
वडोदरा की क्रोनॉक्स लैब साइंसेज उच्च शुद्धता वाले विशेष रसायनों के उत्पादन से जुड़ी हुई है। यह 185 से अधिक उत्पाद बनाती है जिनका इस्तेमाल औषधि, न्यूट्रास्युटिकल, जैव-प्रौद्योगिकी, पशु स्वास्थ्य, वैज्ञानिक शोध, कृषि-रसायन एवं व्यक्तिगत देखभाल क्षेत्रों में किया जाता है। क्रोनॉक्स अपने उत्पादों का निर्यात 20 से अधिक देशों को करती है। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया और मिस्र शामिल हैं।
(इनपुट-भाषा)
