John Abraham Bungalow: बॉलीवुड में एक्शन हीरो के नाम से मशहूर जॉन अब्राहम (John Abraham) ने मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट (Mumbai Real Estate) में एक बड़ी डील की है। बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम ने मुंबई में 70.83 करोड़ रुपये में बंगला खरीदा है। जॉन अब्राहम ने मुंबई के खार इलाके में 7722 वर्ग फुट की जमीन के साथ 5,416 वर्ग फुट का बंगला खरीदा है। अब्राहम ने बंगले के लिए 4.24 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया है। यह डील 27 दिसंबर 2023 को हुई थी।
इंडेक्सटैप डॉट कॉम के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक यह बंगला खार के लिंकिंग रोड पर स्थित है, जो मुंबई की सबसे बड़ी रिटेल हाई स्ट्रीट्स में से एक है। यह इलाका आसपास के कई एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन के लिए भी जाना जाता है।
पुराने स्टार्स को पसंद बंगले
मुंबई में जगह की कमी के कारण इस समय के बॉलीवुड सितारे मुख्य रूप से ऊंची इमारतों में अपार्टमेंट खरीद रहे हैं। दूसरी ओर बंगलों के रूप में संपत्तियां मुख्य रूप से पुराने समय के बॉलीवुड सितारों के पास है। बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन के पास भी मुंबई में बंगले हैं। बच्चन हाल ही में अपनी बेटी श्वेता नंदा को मुंबई में अपना बंगला प्रतीक्षा गिफ्ट में देने के कारण चर्चा में थे। यह प्रॉपर्टी मुंबई के जुहू में 890.47 वर्ग मीटर और 674 वर्ग मीटर साइज के दो प्लॉट्स पर स्थित है। जुहू में स्थित यह बंगला 890.47 और 674 स्क्वायर मीटर के दो प्लॉट पर बना हुआ है। इस प्रॉपर्टी की गिफ्ट डीड (Gift Deed) 8 नवंबर को साइन की गई थी। इस ट्रांजेक्शन पर 50.65 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी दी गई थी।
