बिजनेस

नौकरी बदलते समय केवल Salary नहीं, इन 5 जरूरी बातों का भी रखें ध्यान

Job Switch Tips: जब भी एक कंपनी से दूसरी कंपनी में जाने की बात आती है तो अक्सर नौकरीपेशा व्यक्ति सैलरी को ही नौकरी बदलने का आधार बनाता है। लेकिन नौकरी बदलते समय केवल सैलरी देखना ही काफी नहीं होता।

Image

नौकरी बदल रहे हैं तो केवल सैलरी नहीं, इन बातों का भी रखें ध्यान (Photo: iStock)

Job Switch Tips: किसी भी नौकरीपेशा व्यक्ति के लिए नौकरी बदलना करियर का एक अहम फैसला होता है। अक्सर नई नौकरी का ऑफर मिलने पर सबसे पहले सैलरी (Salary) पैकेज और इन-हैंड सैलरी पर ही ध्यान जाता है। लेकिन सिर्फ ज्यादा सैलरी देखकर नौकरी बदलना हमेशा सही फैसला नहीं होता। नई कंपनी में काम का माहौल, ग्रोथ, काम के घंटे और कई दूसरी चीजें भी आपके करियर और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती हैं। इसलिए नई नौकरी का ऑफर एक्सेप्ट (job offer evaluation) करने से पहले सैलरी के अलावा इन पांच जरूरी बातों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए-

जॉब रोल और जिम्मेदारियां

नई नौकरी में आपकी भूमिका क्या होगी, यह पहले ही साफ कर लेना चाहिए। इंटरव्यू के दौरान जिस काम के बारे में बताया गया है, जॉइन करने के बाद आपकी जिम्मेदारियां उससे अलग तो नहीं होंगी, इस बात को पहले से ही समझ लें। जॉब डिस्क्रिप्शन को ध्यान से पढ़ें और यह भी पूछें कि रोजाना किस तरह के टास्क करने होंगे। इससे आपको पता रहेगा कि नई नौकरी आपकी स्किल और करियर प्लान से कितनी जुड़ी है।

करियर ग्रोथ और प्रमोशन

नई कंपनी में आगे बढ़ने के अवसर कैसे हैं, इसकी जानकारी लेना भी जरूरी है। पता करें कि प्रमोशन का सिस्टम क्या है और कर्मचारियों के परफॉर्मेंस का मूल्यांकन कितनी बार किया जाता है। साथ ही यह भी समझें कि कंपनी में आपकी भूमिका भविष्य में किस तरह आगे बढ़ सकती है। अगर नौकरी में सीखने और नई जिम्मेदारियां लेने के अवसर मिलते हैं, तो इससे लंबे समय में करियर को फायदा हो सकता है।

काम के घंटे और वर्क-लाइफ बैलेंस

ऑफिस का समय और काम का असल दबाव पहले ही समझ लें। केवल निर्धारित ऑफिस टाइम जानना काफी नहीं है। यह भी पूछें कि क्या नियमित रूप से ओवरटाइम करना पड़ता है, वीकेंड पर काम होता है या देर तक ऑफिस में रुकना पड़ सकता है। अगर नौकरी में हाइब्रिड या वर्क फ्रॉम होम की सुविधा है, तो उसकी शर्तें भी स्पष्ट कर लें।

कंपनी का माहौल और मैनेजर

आप किस तरह की टीम में काम करेंगे और आपका रिपोर्टिंग मैनेजर कौन होगा, यह जानना भी बेहद जरूरी है। टीम का काम करने का तरीका, कम्युनिकेशन और मैनेजर की अपेक्षाओं के बारे में जानकारी लेने की कोशिश कर सकते हैं। इससे नई जगह पर एडजस्ट होने में आसानी हो सकती है।

छुट्टियां और कर्मचारी सुविधाएं

नई नौकरी में मिलने वाली छुट्टियों, मेडिकल इंश्योरेंस, PF, ग्रेच्युटी, बोनस, वर्क फ्रॉम होम और कर्मचारी सुविधाओं की जानकारी जरूर लें। इन सुविधाओं की तुलना मौजूदा नौकरी से जरूर करें। साथ ही नोटिस पीरियड, प्रोबेशन पीरियड और कंपनी की शर्तों को ऑफर लेटर में ध्यान से पढ़ें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article