बिजनेस

अगले हफ्ते Groww समेत 4 कंपनियों के आएंगे आईपीओ, कमाई का मिलेगा जबरदस्त मौका

अगर आप स्टॉक मार्केट में नए आईपीओ की तलाश में हैं तो आने वाला हफ्ता आपके लिए खास रहने वाला है। अक्टूबर में बाजार ने उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया, और अब नजरें नवंबर पर टिक गई हैं। खास बात यह है कि नवंबर के पहले हफ्ते में IPO मार्केट जोर पकड़ने वाला है। इस दौरान एक नहीं बल्कि 4 कंपनियां अपना IPO लॉन्च करेंगी।

Image

Upcoming IPO

अक्टूबर का महीना शेयर बाजार के लिए उतार–चढ़ाव भरा रहा। महीने के आखिर में सेंसेक्स 1000 अंकों से ज्यादा गिरा, जिससे निवेशकों में कुछ चिंता जरूर दिखी, लेकिन इसके बावजूद पूरे महीने बाजार ने पॉज़िटिव रिटर्न दिया। अब निवेशकों की नजर नए महीने और विशेष रूप से नवंबर के पहले हफ्ते पर है, क्योंकि अगले हफ्ते IPO मार्केट में बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। 3 नवंबर से शुरू होने वाले हफ्ते में कुल 4 कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं, जिनमें सबसे चर्चित नाम है ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म Groww की पैरेंट कंपनी का IPO।

इसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था, और अब यह 4 नवंबर से 7 नवंबर तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा। कंपनी करीब ₹6,632 करोड़ जुटाने की योजना में है, जिसमें से ₹1,060 करोड़ का नया इश्यू और बाकी हिस्सा ऑफर फॉर सेल होगा। प्राइस बैंड ₹95–₹100 प्रति शेयर रखा गया है और एक लॉट में 150 शेयर होंगे।

बाजार में आएंगे 4 बड़े आईपीओ

इसके अलावा Shreeji Global FMCG का भी IPO इस हफ्ते खुल रहा है। यह पूरी तरह नया इश्यू है और कंपनी ₹85 करोड़ जुटाएगी। इसका प्राइस बैंड ₹120–₹125 प्रति शेयर तय किया गया है और यह 4 से 7 नवंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। शेयरों की लिस्टिंग 12 नवंबर को NSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी। इसी हफ्ते Finbud Financial Services भी अपना ₹71.68 करोड़ का IPO लॉन्च करेगी।

यह 6 नवंबर से 10 नवंबर तक खुलेगा और इसका प्राइस बैंड ₹140–₹142 प्रति शेयर है, जबकि लिस्टिंग 13 नवंबर को NSE SME पर होगी। फार्मा सेक्टर से आने वाली Curis Lifesciences भी इस लिस्ट में शामिल है। यह 7 नवंबर से 11 नवंबर तक निवेशकों के लिए उपलब्ध रहेगा और ₹120–₹128 प्रति शेयर की कीमत पर ऑफर होगा। इसकी लिस्टिंग 14 नवंबर को NSE SME पर होगी।

कुल मिलाकर, नवंबर का पहला हफ्ता IPO बाजार के लिए काफी सक्रिय रहने वाला है। बड़े और छोटे दोनों सेक्टर की कंपनियां निवेशकों को आकर्षित करने की तैयारी में हैं। अगर आप IPO में निवेश करते हैं, तो सिर्फ ट्रेंड देखकर पैसा न लगाएं। हर कंपनी के बिजनेस मॉडल, फाइनेंशियल्स, वैल्यूएशन और ग्रोथ प्लान को ध्यान से समझकर ही फैसला लें। सही रिसर्च के साथ किया गया निवेश ही भविष्य में बेहतर रिटर्न दिला सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article