बिजनेस

IPO Update: पी एन गाडगिल ज्वैलर्स IPO का प्राइस बैंड तय, और जानें ब्रिगेड एंटरप्राइजेज का कब आएगा इश्यू

IPO Update: पी एन गाडगिल ज्वेलर्स लिमिटेड का आईपीओ का प्राइस बैंड 456-480 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। वहीं बेंगलुरु स्थित ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने कारोबार विस्तार की अपनी रणनीति के तहत संस्थागत निवेशकों को शेयर बेचकर 1,500 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

Image

आईपीओ अपडेट

IPO Update:पी एन गाडगिल ज्वेलर्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 10 सितंबर को खुलेगा। कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपने 1,100 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 456-480 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।कंपनी ने कहा कि वह इससे प्राप्त राशि का उपयोग विस्तार योजनाओं तथा कर्ज भुगतान के लिए करेगी।आईपीओ 10 सितंबर को खुलेगा और 12 सितंबर को बंद होगा। एंकर (बड़े) निवेशक नौ सितंबर को शेयरों के लिए बोलियां लगा सकेंगे।

PN Gadgil Enterprises

महाराष्ट्र स्थित कंपनी का आईपीओ 850 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों के नए निर्गम और प्रवर्तक एसवीजी बिजनेस ट्रस्ट द्वारा 250 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है।वर्तमान में, एसवीजी बिजनेस ट्रस्ट के पास पी एन गाडगिल ज्वेलर्स में 99.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है।ब्रोकरेज कंपनियों ने इश्यू के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण 6,500 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया है।

Sri Tirupati Balaji IPO

श्री तिरुपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पहले दिन 6.36 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 170 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री में 1,43,08,000 शेयरों की पेशकश पर 9,09,66,420 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।रिटेल निवेशकों (आरआईआई) की कैटेगरी में 7.92 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 5.25 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ। क्यूआईबी की श्रेणी को 4.46 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।कंपनी का आईपीओ नौ सितंबर को बंद होगा।श्री तिरुपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 78-83 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

Brigade Enterprises

बेंगलुरु स्थित ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने कारोबार विस्तार की अपनी रणनीति के तहत संस्थागत निवेशकों को शेयर बेचकर 1,500 करोड़ रुपये जुटाए हैं।कंपनी ने पूंजी जुटाने के लिए दो सितंबर को पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) जारी किया था, जो पांच सितंबर को बंद हुआ। ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, निदेशकों की समिति ने पात्र संस्थागत खरीदारों को 1,30,43,478 शेयर के आवंटन को मंजूरी दी गई। ये शेयर 1,150 रुपये प्रति शेयर के निर्गम मूल्य पर आवंटित किए गए। शेयर 1,164.70 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर 1.26 प्रतिशत की छूट पर जारी किए गए।ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने मार्च में 1,500 करोड़ रुपये तक की प्रतिभूतियां जारी कर धन जुटाने के लिए शेयरधारकों से मंजूरी ली थी।ब्रिगेड एंटरप्राइजेज देश के अग्रणी रियल एस्टेट डेवलपर में से एक है, जिसकी दक्षिण भारत में अच्छी उपस्थिति है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article