बेन स्टोक्स के बाद अब ब्रैंडन मैकुलम को भी इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोचिंग पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही साल 2022 से शुरू हुए हुए बैजबॉल दौर का अंत हो गया। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रविवार को घोषणा की कि ब्रेंडन मैकुलम इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हट जाएंगे लेकिन व्हाइट बॉल फॉर्मेट में वह अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
यह फैसला इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने, नाइट क्लब में हुए विवाद और उसके बाद एक टेस्ट मैच के प्रतिबंध के तुरंत बाद सामने आया है। लेकिन अब सवाल उठता है कि इंग्लैंड टेस्ट टीम का अगला कोच किसे होना चाहिए। पूर्व कप्तान नासिर हुसैन की मानें तो इस रोल के लिए एंडी फ्लावर सबसे फिट हैं। नासिर हुसैन, फ्लावर के काम करने के तरीके से इतने प्रभावित हैं कि उन्हें लगता है कि उनसे अच्छा और कोई इंग्लैंड टीम को नहीं संभाल सकता है।
इंग्लैंड के टीम डायरेक्टर रह चुके हैं फ्लावर
एंडी फ्लावर, इंग्लैंड टीम के डायरेक्टर रह चुके हैं। एंडी फ्लावर के 5 साल के कार्यकाल में इंग्लैंड टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की, जिसमें नंबर वन टेस्ट टीम बनने से लेकर 3 बार एशेज जीत शामिल है। 2009 से 2014 तक फ्लावर के कार्यकाल में टेस्ट में टीम के जीत का प्रतिशत 49.2, वनडे में 48.6 और टी20 में 50.00 प्रतिशत रहा है।
फ्लावर के नेतृत्व में इंग्लैंड टीम
एंडी फ्लावर के कार्यकाल में इंग्लैंड टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 2009 और 2013 में इंग्लैंड ने घरेलू मैदान और 2010-11 में ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज पर कब्जा किया। 2011 में इंग्लैंड आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर पहुंचा और 2012 में एलिस्टेयर कुक की टीम ने 27 साल में पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीती। इंग्लैंड ने 2010 में वेस्ट इंडीज में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी। ऐसे में नासिर हुसैन के सुझाव पर विचार किया जा सकता है।
