IndiGo Crisis: इंडिगो का सबसे बुरा दौर खत्म, क्यों बोले CEO पीटर एल्बर्स?
- Authored by: रामानुज सिंह
- Updated Dec 18, 2025, 07:36 PM IST
IndiGo Crisis: इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों से कहा कि एयरलाइन का परिचालन अब काफी हद तक सामान्य हो गया है और सबसे खराब दौर गुजर चुका है। वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि कंपनी ने अधिकतर उड़ानें बहाल कर दी हैं और अब ध्यान खुद को मजबूत करने, व्यवधानों के मूल कारणों की जांच और मजबूती से वापसी पर है।
सबसे बुरा दौर बीत चुका है: इंडिगो सीईओ (तस्वीर-istock)
IndiGo Crisis: इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने कहा है कि एयरलाइन के परिचालन को काफी हद तक सुधार लिया गया है और अब सबसे खराब दौर पीछे छूट चुका है। उन्होंने बताया कि हाल के व्यवधानों के बाद कंपनी ने अपनी ज्यादातर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। कर्मचारियों को भेजे गए वीडियो संदेश में एल्बर्स ने कहा कि कंपनी अब खुद को और मजबूत बनाने, समस्याओं की असली वजह जानने और मजबूती के साथ आगे बढ़ने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो हफ्ते कंपनी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहे हैं।
हजारों उड़ानें रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
इस महीने की शुरुआत में परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण इंडिगो को हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। एक समय ऐसा भी आया जब रोजाना करीब 1,600 उड़ानें रद्द हो रही थीं। इससे हवाई अड्डों पर लाखों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
अब रोजाना 2,200 उड़ानों का संचालन
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एल्बर्स ने बताया कि इंडिगो ने धीरे-धीरे हालात पर काबू पा लिया है। बृहस्पतिवार को कंपनी ने करीब 2,200 उड़ानों का सफल संचालन किया। उन्होंने पायलटों, केबिन क्रू, एयरपोर्ट स्टाफ, ऑपरेशन कंट्रोल और ग्राहक सेवा टीम की मेहनत की सराहना की।
टीमवर्क से मिली सफलता
सीईओ ने कहा कि इतने कम समय में इतनी बड़ी समस्या से उबरना इंडिगो की टीमवर्क और मजबूत कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि तूफान से निकलकर हम फिर से उड़ान भरने की राह पर हैं।
बाहरी विशेषज्ञ करेंगे जांच
एल्बर्स ने बताया कि परिचालन में आई गड़बड़ी की असली वजह जानने के लिए कंपनी ने एक बाहरी विमानन विशेषज्ञ को नियुक्त किया है। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अटकलों से बचें।
वैश्विक स्तर पर भी आई हैं ऐसी समस्याएं
सीईओ ने कहा कि इस तरह की दिक्कतें दुनिया की कई बड़ी एयरलाइंस के साथ भी हो चुकी हैं। इनसे मिले अनुभवों का इस्तेमाल कर इंडिगो अपनी प्रणालियों को और मजबूत बनाएगी।
मौसम और व्यस्त सीजन पर खास नजर
एल्बर्स ने कहा कि खराब मौसम और व्यस्त यात्रा सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में कंपनी का पूरा ध्यान परिचालन को स्थिर और भरोसेमंद बनाए रखने पर है, ताकि बाहरी कारणों का असर यात्रियों पर कम से कम पड़े।
19 साल का सफर और मजबूत पहचान
उन्होंने कहा कि हाल की परेशानियां इंडिगो के 19 साल के इतिहास को परिभाषित नहीं करतीं। इंडिगो ने 2006 में एक विमान से शुरुआत की थी और आज यह करीब 65,000 कर्मचारियों वाली कंपनी बन चुकी है, जिसने बेदाग सुरक्षा रिकॉर्ड के साथ 85 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सेवाएं दी हैं।
आगे का रास्ता
सीईओ ने कहा कि इंडिगो आगे भी विश्वसनीयता, समयबद्ध संचालन, अनुशासन और बेहतर ग्राहक सेवा पर अपना ध्यान बनाए रखेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।