बिजनेस

IOC: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन को मिलेगा नया चेयरमैन, सरकार ने शुरू की तलाश की प्रक्रिया

Indian Oil Corporation: सरकार ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के नए चेयरमैन की नियुक्ति के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

Image

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के नए चेयरमैन की तलाश

Photo : BCCL

Indian Oil Corporation: सरकार ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के नए चेयरमैन की नियुक्ति के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इससे मौजूदा चेयरमैन श्रीकांत माधव वैद्य के पद पर बने रहने को लेकर अनिश्चितता समाप्त हो गई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित विज्ञापन में अग्रणी संस्थानों से स्नातकोत्तर प्रबंधन डिग्री प्राप्त तथा नेतृत्वकारी भूमिकाओं में कम से कम पांच साल का अनुभव रखने वाले इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और कॉस्ट अकाउंटेंट से तीन जुलाई तक आवेदन मांगे हैं।

पात्रता की आयु कितनी?

इसमें कहा गया कि आंतरिक उम्मीदवारों के लिए पात्रता की आयु सीमा 58 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए और बाहरी उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 57 वर्ष है। सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष है। वैद्य ने एक जुलाई, 2020 को भारत की सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी के चेयरमैन का पद संभाला था। उन्हें 31 अगस्त, 2023 को सेवानिवृत्त होना था, जब वह 60 वर्ष हो गए थे।

आईओसी का प्रमुख कौन होगा?

हालांकि चार अगस्त 2023 के एक आधिकारिक आदेश के अनुसार उन्हें एक विरले कदम के तहत उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख से एक वर्ष के लिए यानी एक सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक के लिए अनुबंध के आधार पर पुनः नियुक्ति दी गई। इसके बाद 31 अगस्त 2024 के बाद आईओसी का प्रमुख कौन होगा, यह पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय खोज-सह-चयन समिति का गठन किया गया। इस समिति की अध्यक्षता लोक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) के चेयरमैन ने की।

इसमें पेट्रोलियम सचिव तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पूर्व चेयरमैन एम. के. सुराना सदस्य के रूप में शामिल हैं। हालांकि, समिति आयु-पात्रता के मुद्दे पर कुछ खास नहीं कर पाई। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने शुरू में 61 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को इस पद के लिए विचार करने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा था। इससे वैद्य इस पद के लिए पात्र हो गए। हालांकि इस प्रस्ताव को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से मंजूरी नहीं मिली। इसके बाद सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रमुखों की नियुक्ति की पुरानी प्रणाली को पुनः लागू कर दिया, जिसमें सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष कर दी गई।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article