बिजनेस

Share Market Closing: शेयर बाजार की मजबूत क्लोजिंग, 3 कारण जिनकी वजह से मार्केट में लौटी बहार

Share Market Today: आज शेयर बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया और हफ्ते की शुरुआत मजबूती के साथ की। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर बंद हुए, जिससे निवेशकों के चेहरों पर रौनक लौट आई। बाजार में यह तेजी कई पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों और सेक्टोरल खरीदारी की वजह से देखने को मिली।

Share Market

शेयर बाजार में आज सकारात्मक रुख देखने को मिला। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 318 अंकों की बढ़त के साथ 83,535.00 पर बंद हुआ, जो 0.42% की तेजी दर्शाता है। वहीं, निफ्टी 76 अंकों की बढ़त के साथ 25,568.30 पर बंद हुआ, जो करीब 0.30% की बढ़त है। निवेशकों के लिए आज का दिन लाभदायक साबित हुआ, क्योंकि ज्यादातर सेक्टर में खरीदारी का माहौल बना रहा। Asian Paints, Infosys, RIL और BEL जैसे दिग्गज स्टॉक्स में बढ़त से बाजार को बड़ा सपोर्ट मिला। वहीं, मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़त में रहे, जिससे साफ है कि निवेशक इस समय सेक्टोरल थीम पर दांव लगा रहे हैं।

तेजी की तीन बड़ी वजहें

पहली वजह – ग्लोबल मार्केट्स में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। इसी का असर भारतीय बाजारों पर भी दिखा और सेंसेक्स-निफ्टी नई ऊंचाई की ओर बढ़ गए।

दूसरी वजह – अमेरिका में शटडाउन संकट के खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। इस पॉजिटिव खबर से भी निवेशकों में खरीदारी का उत्साह देखने को मिला।

तीसरी वजह – मशहूर निवेश बैंक Goldman Sachs ने भारत के शेयर बाजार को लेकर बड़ा भरोसा जताया है। बैंक ने भारत की रेटिंग को "Overweight" में अपग्रेड किया है और अनुमान लगाया है कि 2026 तक निफ्टी 29,000 तक पहुंच सकता है, यानी मौजूदा स्तर से करीब 14% का मजबूत रिटर्न। गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि ब्याज दरों में संभावित कटौती, मजबूत आर्थिक विकास, अच्छे कॉर्पोरेट रिजल्ट और विदेशी निवेशकों की वापसी से भारत आने वाले समय में दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ने वाला शेयर बाजार बन सकता है।

कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। ग्लोबल मार्केट्स से मिले-जुले संकेत मिलने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी-50 दोनों हरे निशान पर खुले। घरेलू बाजार का प्रमुख सूचकांक BSE सेंसेक्स 230 अंक उछलकर खुला और 83,447.22 के लेवल पर कारोबार रहा है, वहीं निफ़्टी 50 में भी 75 अंकों की तेजी देखने को मिली और निफ़्टी 25,573 के लेवल पर कारोबार करता नजर आया। एशियाई बाजारों में ज्यादातर तेजी देखने को मिली है और अमेरिकी शेयर वायदा भी मजबूती दिखा रहे हैं। निवेशकों की नजर अब इस हफ्ते आने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक आंकड़ों के साथ-साथ कंपनियों के तिमाही नतीजों पर टिकी हुई है।

इतने शेयरों में तेजी

शुरुआती कारोबार में बाजार में हल्की तेजी देखने को मिली। करीब 1,538 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 1,029 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 222 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार करते दिखे। निफ्टी की टॉप गेनर कंपनियों में एशियन पेंट्स, एलएंडटी, हिंडाल्को, जियो फाइनेंशियल और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल रहीं। वहीं, ट्रेंट, अपोलो हॉस्पिटल्स, मैक्स हेल्थकेयर, मारुति सुजुकी और डॉ. रेड्डीज लैब्स के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई।

ग्लोबल बाजारों का हाल

सुबह 9:08 बजे तक एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। गिफ्ट निफ्टी 42 अंक की बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा था। जापान का निक्केई इंडेक्स 434 अंकों की मजबूती के साथ ऊपर गया, जबकि सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स इंडेक्स 0.71% की गिरावट में रहा। हैंग सेंग इंडेक्स में करीब 161 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। ताइवान के बाजार भी मजबूत दिखे और वहां 155 अंकों की तेजी रही। वहीं, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स 2% से ज्यादा चढ़ गया, जिससे एशियाई बाजारों में सकारात्मक माहौल बना रहा।

रुपए का हाल

प्री-ओपनिंग सत्र में बेंचमार्क इंडेक्स हल्की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 252 अंक या 0.30% गिरकर 82,963.93 पर और निफ्टी 69.90 अंक या 0.27% फिसलकर 25,422.40 पर पहुंच गया था। रुपये की बात करें तो सोमवार सुबह यह पिछले बंद स्तर पर ही स्थिर रहा और 88.66 प्रति डॉलर पर खुला। बीते सत्र (7 नवंबर 2025, शुक्रवार) में भी रुपया इसी स्तर पर बंद हुआ था। उस दिन बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी, जब सेंसेक्स 460 अंक (0.55%) गिरकर 82,850.35 पर और निफ्टी 133 अंक (0.53%) टूटकर 25,375.75 पर खुला था।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article