India-Australia Housing Project : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया में 10 लाख घर बनाने के लिए बातचीत कर रहा है। यह परियोजना करीब 500 अरब डॉलर का अवसर प्रदान करती है। गोयल ने बताया कि इस मेगा हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से वित्तीय सहायता मांगी गई है। उन्होंने यूएई के वाणिज्य मंत्री थानी बिन अहमद अल जेयोदी से इस परियोजना में साझेदारी पर चर्चा की।
भारतीय कामगारों को मिलेगा मौका
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत का प्रस्ताव है कि भारतीय कामगारों को ऑस्ट्रेलिया भेजा जाए, जहां उन्हें स्थानीय मानकों के अनुसार प्रशिक्षण देकर निर्माण कार्य में लगाया जाए।
अभी तक नहीं मिली विस्तृत जानकारी
गोयल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये घर ऑस्ट्रेलिया में कहां बनेंगे, इस पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार कितना खर्च करेगी, या भारत की भूमिका क्या होगी।
ऑस्ट्रेलिया में आवास संकट गहराया
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में आवास की मांग अधिक और आपूर्ति कम है। वहां घरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और हाल के चुनावों में हाउसिंग एक प्रमुख मुद्दा रहा है।
भारत की वैश्विक साझेदारियों की दिशा में कदम
गोयल ने कहा कि आज कई देश भारत के साथ गठजोड़ के लिए उत्सुक हैं, और ऐसे अवसरों का लाभ उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने CII के कार्यक्रम में कहा कि अगर हम चूक गए, तो इसके लिए हम खुद जिम्मेदार होंगे।
भारत-ऑस्ट्रेलिया मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर भी बातचीत जारी है। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अमेरिका द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ के मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहा है, लेकिन साथ ही विकल्प के रूप में नए बाजारों की तलाश भी जारी है।
नए व्यापार समझौतों की तैयारी
गोयल ने बताया कि भारत जल्द ही ओमान, न्यूजीलैंड, और यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करने की दिशा में काम कर रहा है। ओमान से दो हफ्तों में समझौते की संभावना है।
