कोरोना महामारी के बाद घरों की मांग में जबरदस्त उछाल आया था। वर्क फ्रॉम होम ने घरों की बिक्री बढ़ाने में अहम योगदान दिया। इसका फायदा रियल एस्टेट सेक्टर को मिला। तिमाही दर तिमाही घरों की रिकॉर्ड बिक्री होती रही। घरों की बढ़ती मांग को देखते हुए बिल्डरों ने कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी शुरू कर दी। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नोएडा एक्सटेंशन जैसी लोकेशन में 30 लाख रुपये में मिलने वाले 2 बीएचके फ्लैट की कीमत बढ़कर 1 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
बिल्डरों को लगा कि कीमतों में बढ़ोतरी और मुट्ठी भर निवेशकों के दम पर वे फर्जी डिमांड का खेल जारी रखकर मोटी कमाई करते रहेंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। फ्लैट की कीमतें करोड़ों में पहुंचने के कारण बहुत सारे लोग चाहकर भी घर नहीं खरीद पा रहे हैं या खरीदारी टाल रहे हैं। इससे प्रॉपर्टी मार्केट में मंदी की आहट सुनाई दे रही है।
नाइट फ्रैंक इंडिया की QTS (Quarters to Sell) मेट्रिक से पता चला है कि दिल्ली-NCR और अहमदाबाद में हालात ऐसे हैं कि इन दोनों शहरों में मौजूदा बिना बिके मकानों को बेचने में करीब दो साल का समय लग सकता है। यानी अगर आज से नए घरों की सप्लाई बंद भी हो जाए, तब भी मौजूदा स्टॉक को बेचने में करीब दो साल लगेंगे। आइए विस्तार से समझते हैं कि यह स्थिति क्यों आई और क्या इसका असर फ्लैट की कीमतों पर दिखाई देगा? क्या आने वाले महीनों में कीमतें गिरेंगी?
दिल्ली-NCR में बिना बिके घर बेचने में 2 साल लगेंगे
प्रॉपर्टी की कीमत आसमान पर पहुंचने से दिल्ली-NCR में घरों की मांग गिरी है। नाइट फ्रैंक के मुताबिक, यहां Q3 2025 में मौजूदा घरों का स्टॉक बेचने में 1.8 साल लग रहे थे। अब यह समय बढ़कर 2 साल हो गया है। इसकी बड़ी वजह औसत बिक्री में 8% की गिरावट है। खासकर 5 से 10 करोड़ रुपये की कीमत वाले लग्जरी घरों की मांग में कमी आई है।
अहमदाबाद की स्थिति दिल्ली-NCR से भी खराब है। यहां नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग तेजी से हुई है, लेकिन उस अनुपात में मकानों की बिक्री नहीं बढ़ी। नतीजा यह हुआ कि बिना बिके घरों की संख्या में 9% की बढ़ोतरी हो गई। वहीं, औसत बिक्री केवल 3% बढ़ी। रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद में घरों का मौजूदा स्टॉक बेचने में अब 2.05 साल लग सकते हैं। Q3 2025 में यह समय 1.95 साल था। देश के आठ प्रमुख शहरों में यह सबसे लंबी अवधि है।
रवि मोहन ने बताया-लोग क्यों नहीं खरीद रहे घर?
ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) की एक हाईराइज सोसाइटी में किराये पर रहने वाले रवि मोहन से हमने पूछा कि आखिर वह अपना फ्लैट क्यों नहीं खरीद रहे हैं? उनका जवाब उन हजारों नौकरीपेशा लोगों की परेशानी बयां करता है, जो घर खरीदना तो चाहते हैं, लेकिन आसमान छूती कीमतों के चलते ऐसा नहीं कर पा रहे हैं।
रवि बताते हैं कि करीब पांच साल पहले तक इसी सोसाइटी में 2BHK फ्लैट की कीमत 35 से 40 लाख रुपये थी। आज वही फ्लैट 1 करोड़ से 1.25 करोड़ रुपये में मिल रहा है। उनकी मंथली इन-हैंड सैलरी करीब 1 लाख रुपये है। इसमें से 20 हजार रुपये किराये में चले जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई पर करीब 25 हजार रुपये खर्च होते हैं और कार की EMI के रूप में 15 हजार रुपये देने पड़ते हैं। बाकी रकम से घर का खर्च चलता है और कुछ बचत हो पाती है।
ऐसे में उनके सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर घर खरीदने के लिए पैसे बचाएं तो कैसे? अगर वह 1 करोड़ रुपये का फ्लैट भी खरीदते हैं, तो कम से कम 80 हजार रुपये की मासिक EMI चुकानी होगी। एक लाख रुपये की सैलरी में 80 हजार रुपये सिर्फ होम लोन की किस्त में चले जाएंगे। फिर परिवार का खर्च कैसे चलेगा?
रवि की यह परेशानी सिर्फ उनकी नहीं है। उनके जैसे हजारों नौकरीपेशा लोग इसी गणित में उलझे हैं। वे किराये से निकलकर अपना घर खरीदना चाहते हैं, लेकिन फ्लैट की कीमतें उनकी कमाई से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ गई हैं। बिल्डरों की मनमानी कीमतों पर सवाल उठाने वाला भी कोई नहीं है।
क्या फ्लैट के दाम कम होंगे?
रियल एस्टेट सेक्टर में प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करने वाले विष्णु सोनी कहते हैं कि बिना बिके फ्लैटों की संख्या बढ़ने से बिल्डरों पर दबाव बढ़ रहा है। अगर आप गंभीर खरीदार हैं और फ्लैट खरीदने के लिए तैयार हैं, तो बिल्डर आसानी से कीमत कम करने को तैयार हो जाते हैं। हालांकि, वे कीमतों में इस कटौती को न तो अपने विज्ञापनों में दिखाना चाहते हैं और न ही ब्रोशर में इसका जिक्र करते हैं।
विष्णु का मानना है कि आने वाले महीनों में फ्लैट की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। इसकी एक बड़ी वजह AI का बढ़ता इस्तेमाल भी हो सकता है। AI के आने से जिस तरह IT सेक्टर में हलचल मची है और नौकरियों पर दबाव बढ़ रहा है, उसका असर दिल्ली-NCR के प्रॉपर्टी बाजार पर भी पड़ सकता है। इसकी वजह यह है कि IT सेक्टर में काम करने वाले लोग इस इलाके में फ्लैट खरीदने वाले प्रमुख खरीदारों में शामिल हैं। अगर उनकी नौकरियों और आमदनी पर असर पड़ता है और वे घर खरीदने से पीछे हटते हैं, तो प्रॉपर्टी की मांग कमजोर हो सकती है। ऐसे में कीमतों पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।
बेंगलुरु और पुणे में भी घटी बिक्री
बिना बिके मकानों का दबाव सिर्फ दिल्ली-NCR और अहमदाबाद तक सीमित नहीं है। बेंगलुरु और पुणे में भी अनसोल्ड इन्वेंट्री बढ़ी है। बेंगलुरु में बिना बिके मकानों की संख्या एक साल में 21% बढ़ गई। इसकी वजह यह है कि यहां नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग बिक्री के मुकाबले काफी ज्यादा रही। मकानों की औसत बिक्री लगभग स्थिर रही, लेकिन नए घर बाजार में आते रहे। इसके चलते स्टॉक बेचने में लगने वाला समय 1.15 साल से बढ़कर 1.37 साल हो गया। इसी तरह पुणे में अनसोल्ड इन्वेंट्री 16% बढ़ी है। यहां नए प्रोजेक्ट्स की संख्या बढ़ने के बावजूद बिक्री में तेजी नहीं आई। पुणे में अब मौजूदा स्टॉक बेचने में करीब 1.17 साल लग रहे हैं।
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में क्या है हाल?
देश के कुछ बड़े शहरों में स्थिति अभी बेहतर बनी हुई है। मुंबई में घरों की बिक्री नई लॉन्चिंग से आगे रही। इसके कारण बिना बिके मकानों की संख्या 2% कम हुई है। यहां स्टॉक बेचने में लगने वाला समय 1.65 साल से घटकर 1.60 साल रह गया। चेन्नई में भी बिक्री की स्थिति में सुधार हुआ है। यहां औसत बिक्री 8% बढ़ी, जबकि अनसोल्ड इन्वेंट्री में 6% की बढ़ोतरी हुई। इसके चलते घर बेचने का समय 1.12 साल से घटकर 1.1 साल रह गया।
कोलकाता की स्थिति आठ प्रमुख शहरों में सबसे बेहतर रही। यहां अनसोल्ड इन्वेंट्री 10% कम हुई है। घरों की बिक्री नई लॉन्चिंग से आगे रही। अब कोलकाता में मौजूदा स्टॉक बेचने में करीब 1.07 साल लग रहे हैं।
क्या पूरे देश में रियल एस्टेट बाजार सुस्त पड़ा?
नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के आठ प्रमुख आवासीय बाजारों में मौजूदा घरों को बेचने का औसत समय Q3 2025 के 1.45 साल से बढ़कर Q3 2026 में 1.52 साल हो गया है। इससे साफ पता चलता है कि रियल एस्टेट मार्केट से तेजी गायब हो गई है। बिल्डर को खरीदार नहीं मिल रहे हैं और अनसोल्ड इन्वेंट्री का बोझ बढ़ रहा है।