India-UK Trade Deal: भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच बहुप्रतीक्षित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर साइन हो चुके हैं। इस समझौते के तहत 99% प्रोडक्ट्स को फ्री ट्रेड की कैटेगरी में शामिल किया गया है, यानी अब दोनों देशों के व्यापारी बिना टैरिफ की चिंता किए अपना माल एक-दूसरे के बाजार में भेज सकेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत-यूके ट्रेड डील की लॉन्च डेट तय हो चुकी है और इसे जल्द लागू किया जाएगा। ऐसे एम् आइए जानते हैं आखिर कब से ट्रेड डील लागू होगी?
पीयूष गोयल ने अपने बयान में कहा कि यह समझौता अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। दोनों देशों के बीच तमाम बिंदुओं पर सहमति बन गई है और अब केवल औपचारिक हस्ताक्षर बाकी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह समझौता व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा। इससे भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर खुशी जताते हुए कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हुआ है, जिसमें भारत के सभी हितों को सुरक्षित रखते हुए ढेरों नए अवसरों के द्वार खोले गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह एक संतुलित और सोच-समझकर किया गया समझौता है, जिसमें भारत के संवेदनशील सेक्टर्स जैसे डेयरी, चावल, और चीनी को पूरी तरह से सुरक्षित रखा गया है। इन क्षेत्रों को UK के लिए नहीं खोला गया है ताकि हमारे किसानों के हितों की रक्षा हो सके।
वहीं दूसरी ओर, जिन क्षेत्रों में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त है, जैसे—टेक्सटाइल, फुटवियर, लेदर, खिलौने, फर्नीचर और फार्मास्यूटिकल्स—वहां UK का बाजार भारतीय उत्पादों के लिए खोला गया है। अब इन क्षेत्रों में भारतीय निर्यातकों को UK में ज़ीरो ड्यूटी का लाभ मिलेगा, जिससे देश के कामगारों, छोटे उद्योगों (MSMEs), महिलाओं और किसानों के लिए अपार अवसर पैदा होंगे।
पीयूष गोयल ने यह भी बताया कि इस समझौते में भारत से UK जाकर अस्थायी रूप से काम करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। पहले तीन साल तक काम करने वालों को लगभग 25% तक की कटौती झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब इस नुकसान से राहत दी जाएगी। यह समझौता भारत के लिए न केवल व्यापारिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी बेहद फायदेमंद साबित होगा।
कब लागू होगी डील
पीयूष गोयल ने यह भी बताया कि सरकार इस समझौते को लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाई है ताकि यह जल्द से जल्द प्रभाव में आ सके। ब्रिटेन की संसद में इस डील पर मोहर लगनी बाकि है जिसके बाद ये डील पूरी हो जाएगी। इस पूरे प्रोसेस में मुश्किल से 3-4 से महीने लग सकते हैं। इस समझौते से न केवल व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि यह भारत की वैश्विक व्यापार नीति को भी मजबूती देगा। उद्योग जगत और निवेशकों को इस FTA से बड़ी उम्मीदें हैं, और इसे भारत की आर्थिक रणनीति में एक अहम मोड़ माना जा रहा है।
