बिजनेस

India Forex Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 1.32 अरब डॉलर की गिरावट, 593.75 अरब डॉलर पर पहुंचा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 16, 2023, 08:31 PM IST

India Forex Reserves: इससे पहले के सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 5.93 अरब डॉलर बढ़कर 595.067 अरब डॉलर हो गया था। अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

Image

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटा

Photo : BCCL

India Forex Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में इस सप्ताह गिरावट देखने को मिली है। विदेशी मुद्रा भंडार में 1.32 अरब डॉलर की कमी आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत नौ जून को समाप्त सप्ताह में 1.318 अरब डॉलर घटकर 593.749 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पिछले सप्ताह का हाल

इससे पहले के सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 5.93 अरब डॉलर बढ़कर 595.067 अरब डॉलर हो गया था। अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन वैश्विक घटनाओं के कारण पैदा हुए दबावों के बीच रुपये को संभालने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने से इसमें गिरावट आई है।

स्वर्ण भंडार भी घटा

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, नौ जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 1.128 अरब डॉलर घटकर 525.073 अरब डॉलर रह गयीं। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण भंडार का मूल्य 18.3 करोड़ डॉलर घटकर 45.374 अरब डॉलर रह गया।

एसडीआर बढ़ा

आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 20 लाख डॉलर बढ़कर 18.187 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा हुआ देश का मुद्रा भंडार 80 लाख डॉलर घटकर 5.115 अरब डॉलर रह गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article