India Export-Import:देश का निर्यात अप्रैल, 2023 में सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत घटकर 34.66 अरब डॉलर पर आ गया हैं। पिछले साल की समान अवधि में निर्यात 39.7 अरब डॉलर रहा था।सोमवार को सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल महीने में देश का आयात भी सालभर पहले की तुलना में करीब 14 प्रतिशत घटकर 49.9 अरब डॉलर पर आ गया। अप्रैल, 2022 में यह 58.06 अरब डॉलर रहा था।विदेश व्यापार महानिदेशक (डीजीएफटी) संतोष सारंगी ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के लिए व्यापार आंकड़ों को भी संशोधित किया गया है।
आयात में गिरावट
निर्यात की तरह आयात में भी गिरावट हुई है। अप्रैल में आयात 49.90 अरब डॉलर रहा है जो बीते वर्ष अप्रैल 2022 में 58.06 अरब डॉलर रहा था।आयात में गिरावट की प्रमुख वजह पेट्रोलियम, कच्चा तेल, कोल और कोक के आयात में आई कमी है। बीते वर्ष के मुकाबले इनके दामों में बड़ी गिरावट आई है।
इसी तरह सेवा क्षेत्र को शामिल करने पर आयात अप्रैल 2023 में 66.40 अरब डॉलर का रहा है जो एक साल पहले 72.11 अरब डॉलर रहा था। वहीं अगर सेवा क्षेत्र में निर्यात को भी शामिल कर लिया तो कुल निर्यात अप्रैल 2023 में 65.02 अरब डॉलर रहा है। जो एक साल पहले अप्रैल में 63.75 अरब डॉलर रहा था।
निर्यात का क्या रहा हाल
इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 26.49 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 2.11 अरब डॉलर का रहा है। जो अप्रैल 2022 में 1.67 अरब डॉलर रहा था। हालांकि इस दौरान टेक्सटाइल, प्लास्टिक,के निर्यात में गिरावट देखने को मिली है। निर्यात में कमी की वजह अमेरिका, यूरोप आदि में मंदी का असर रहा है। जिसका असर निर्यात पर दिखा रहा है।
