बिजनेस

India-EU Trade Agreement:सितंबर में होगी भारत-यूरोपीय संघ के बीच व्यापार और निवेश समझौतों पर बातचीत, क्या होगा फायदा

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Jul 15, 2024, 07:25 PM IST

India-EU Trade Agreement: भारत ने 2007 में यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की थी। यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को भारत का वस्तु निर्यात 2023-24 में बढ़कर 75.92 अरब डॉलर हो गया, जो 2022-23 में 74.83 अरब डॉलर था।

Image

India EU Trade

Photo : iStock

भारत और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की बातचीत सितंबर में होने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य वाणिज्य और निवेश को बढ़ावा देना है। वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव दर्पण जैन ने कहा कि बातचीत का आठवां दौर 28 जून को पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी 21 अध्यायों पर चर्चा हुई और सरकारी खरीद, डिजिटल व्यापार, व्यापार में तकनीकी बाधाएं, वस्तु और बाजार पहुंच जैसे कई क्षेत्रों में प्रगति हुई।

अगस्त में बैठकों की योजना

जैन ने संवाददाताओं से कहा कि हम जुलाई और अगस्त में और बैठकें आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। हमारी सितंबर के आखिरी सप्ताह में बातचीत का एक और दौर आयोजित करने की योजना है। उल्लेखनीय है कि भारत और यूरोपीय संघ ने 17 जून, 2022 को आठ साल से अधिक समय बाद, प्रस्तावित समझौते पर औपचारिक रूप से बातचीत फिर से शुरू की। दोनों पक्ष व्यापार और निवेश समझौते तथा भौगोलिक संकेतक (GI) पर समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

कब हुई थी बातचीत की शुरुआत

भारत ने 2007 में यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की थी। लेकिन 2013 में वार्ता थम गई क्योंकि दोनों पक्ष वाहन और शराब पर सीमा शुल्क तथा पेशेवरों की आवाजाही सहित प्रमुख मुद्दों पर एक समझौते पर पहुंचने में विफल रहे। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते से भारत को मूल्य श्रृंखला को सुरक्षित करने सहित वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात का विस्तार करने और विविधता लाने में मदद मिलेगी।

निर्यात का आंकड़ा

यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को भारत का वस्तु निर्यात 2023-24 में बढ़कर 75.92 अरब डॉलर हो गया, जो 2022-23 में 74.83 अरब डॉलर था। आयात भी बढ़कर इस दौरान 61 अरब डॉलर हो गया जो एक साल पहले 2022-23 में 59.38 अरब डॉलर था। भारत के कुल निर्यात में यूरोपीय संघ की हिस्सेदारी 17 प्रतिशत से अधिक है। जबकि कुल आयात में लगभग 8.8 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

ब्रिटेन के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते के बारे में एक अन्य अधिकारी ने कहा कि ब्रिटेन में नई सरकार के कार्यभार संभालने के साथ ही दोनों देश बातचीत को आगे बढ़ाएंगे। अधिकारी ने कहा कि ब्रिटेन में नई सरकार इस समझौते पर गौर करेगी।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article