बिजनेस

फेस्टिव सीजन में खरीदना है घर तो जान लें 5-20-30-40 का रूल, EMI में होगी मोटी बचत

अक्सर लोग अपनी क्षमता से ज्यादा का होम लोन ले लेते हैं और फिर सालों तक भारी EMI चुकाने में परेशान रहते हैं। इसी परेशानी से बचाने के लिए एक खास फॉर्मूला है 5-20-30-40 का रूल। यह नियम आपको समझाता है कि कितना महंगा घर खरीदना सही रहेगा और EMI का बोझ कैसे कम होगा।

Image

Home Loan

फेस्टिव सीजन में अगर आप नया घर खरीदने की सोच रहे हैं तो सिर्फ इमोशन में आकर बड़ा फैसला न लें। घर खरीदना जिंदगी का सबसे अहम और बड़ा इन्वेस्टमेंट होता है, इसलिए इसे पूरी प्लानिंग के साथ करना जरूरी है। अक्सर लोग अपनी क्षमता से ज्यादा का होम लोन ले लेते हैं और फिर सालों तक भारी EMI चुकाने में परेशान रहते हैं। इसी परेशानी से बचाने के लिए एक खास फॉर्मूला है 5-20-30-40 का रूल। यह नियम आपको समझाता है कि कितना महंगा घर खरीदना सही रहेगा और EMI का बोझ कैसे कम होगा।

5 का रूल

इस नियम के हिसाब से घर की कीमत आपकी सालाना इनकम के 5 गुना से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर पति-पत्नी की सालाना इनकम मिलाकर ₹10 लाख है, तो 50 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का घर नहीं खरीदना चाहिए। इससे आप ओवरबजट लोन लेने से बचेंगे और बाकी खर्चों के लिए भी कैश फ्लो बना रहेगा।

20 का रूल

घर की कीमत का कम से कम 20% हिस्सा आपको अपनी जेब से डाउन पेमेंट के तौर पर देना चाहिए। जैसे अगर आप 50 लाख रुपए का घर खरीद रहे हैं, तो आपके पास कम से कम 10 लाख रुपए डाउन पेमेंट के लिए होने चाहिए। जितना ज्यादा डाउन पेमेंट करेंगे, उतना कम लोन लेना होगा और EMI भी हल्की रहेगी।

30 का रूल

आपकी मासिक सैलरी का 30% से ज्यादा EMI नहीं होना चाहिए। मान लीजिए आपकी इन-हैंड सैलरी ₹80,000 है तो आपकी होम लोन EMI ₹24,000 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इससे बाकी जरूरी खर्चों और सेविंग्स पर असर नहीं पड़ेगा।

40 का रूल

सिर्फ होम लोन ही नहीं, बल्कि आपके सभी लोन (जैसे कार लोन, पर्सनल लोन, क्रेडिट कार्ड EMI) मिलाकर आपकी कुल EMI आपकी इन-हैंड सैलरी का 40% से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। यानी अगर आपकी सैलरी ₹80,000 है, तो सारी मिलाकर EMI ₹32,000 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

ऐसे समझें

अगर आपकी इन-हैंड सैलरी ₹80,000 महीने है तो सालाना इनकम होगी ₹9.6 लाख। 5 गुना नियम के हिसाब से आप लगभग ₹48 लाख का घर खरीद सकते हैं। इसमें ₹9.6 लाख डाउन पेमेंट करेंगे और बाकी ₹38.4 लाख का लोन लेंगे। EMI ₹24,000 तक रखनी होगी और सभी लोन की कुल EMI ₹32,000 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article