अगर आप अपने पैसों को सुरक्षित जगह पर निवेश करना चाहते हैं और गारंटीड रिटर्न पाना चाहते हैं, तो पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) स्कीम एक अच्छा विकल्प हो सकती है। हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अगस्त में हुई एमपीसी (Monetary Policy Committee) की बैठक में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन इससे पहले आरबीआई ने फरवरी, अप्रैल और जून में मिलाकर कुल 1 प्रतिशत की कटौती की थी। इसके चलते कई बैंकों ने अपनी एफडी पर मिलने वाली ब्याज दरें भी घटा दी हैं।
हालांकि, इन बदलावों के बावजूद PNB अपने ग्राहकों को आकर्षक ब्याज दरें दे रहा है। बैंक 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए एफडी खाता खोलने की सुविधा देता है। 390 दिनों की एफडी पर पीएनबी सबसे ज्यादा ब्याज दे रहा है।
390 दिनों की एफडी में सामान्य नागरिकों को 6.60%, वरिष्ठ नागरिकों (Senior Citizens) को 7.10%, और सुपर सीनियर सिटीजन (80 साल से अधिक उम्र वाले) को 7.40% ब्याज मिल रहा है। वहीं, अगर आप 2 साल की अवधि के लिए एफडी करते हैं, तो बैंक सामान्य ग्राहकों को 6.40%, सीनियर सिटीजन को 6.90%, और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.20% ब्याज दर दे रहा है।
अब अगर आप जानना चाहते हैं कि इस पर आपको कितना फायदा होगा, तो चलिए एक उदाहरण से समझते हैं अगर कोई ग्राहक 2 लाख रुपये की एफडी दो साल के लिए PNB में करता है, तो उसे 2,27,080 रुपये मिलेंगे। इसमें 27,080 रुपये ब्याज के रूप में होंगे। वहीं, अगर कोई सीनियर सिटीजन यही निवेश करता है, तो उसे 2,29,325 रुपये मिलेंगे, जिसमें 29,325 रुपये ब्याज शामिल हैं। इसी तरह, अगर कोई सुपर सीनियर सिटीजन (80 वर्ष से ऊपर) यह एफडी करता है, तो उसे 2,30,681 रुपये मिलेंगे, यानी 30,681 रुपये का गारंटीड ब्याज मिलेगा।
इस तरह देखा जाए तो PNB की एफडी स्कीम न केवल सुरक्षित निवेश है, बल्कि नियमित और तय ब्याज दरों के कारण यह उन लोगों के लिए खास तौर पर फायदेमंद है जो रिस्क नहीं लेना चाहते। खासकर सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजन के लिए यह एक भरोसेमंद विकल्प है, जिसमें उन्हें हर हाल में गारंटीड रिटर्न मिलता है।