बिजनेस

VIDEO: दिल्ली की सड़कों के लिए मैं जिम्मेदार नहीं...; केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने क्यों कही यह बात

Times Network India Economic Conclave: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को टाइम्स नाउ के टाइम्स नेटवर्क इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में खुद को भाग्यशाली इंसान बताया। उन्होंने कहा कि मैं सार्वजनिक जीवन में बहुत भाग्यशाली इंसान हूं। मुझे लोग दिल से अच्छा कहते हैं और यह मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।

Image

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी

Photo : Times Now Digital

Times Network India Economic Conclave: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को टाइम्स नेटवर्क इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में देशभर में बिछाए जा रहे सड़कों के नेटवर्क पर खुलकर बात कही। उन्होंने बताया कि अगले साल तक हमारा लक्ष्य एक दिन में 60 किलोमीटर सड़क बिछाने का है। इस बीच, उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में दिल्ली की सड़कों की भी बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि कई बार लोग हमें आकर उन सड़कों का श्रेय भी दे जाते हैं, जो हमने नहीं बनाया। साथ ही उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया में 70 फीसदी जिन समस्याओं के लिए हमारे डिपार्टमेंट या मुझे संबोधित किया जाता है, वह समस्याएं हमसे जुड़ी होती भी नहीं हैं।

नितिन गडकरी ने क्या कुछ कहा?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से जब सवाल किया गया कि कुछ लोग कहते हैं कि रिकॉर्ड गति से आप टारगेट सेट कर रहे हैं, लेकिन क्या गुणवत्ता की कीमत पर तेजी से निर्माण कर रहे हैं। इस पर आप क्या कहेंगे? तो उन्होने कहा, ''मुझे नहीं पता क्यों, लेकिन राज्य सरकार द्वारा बनाई गई सड़क का भी जनता हमें क्रेडिट देती है और हम इसी एक समस्या का सामना कर रहे हैं। समृद्धि महामार्ग, जिसका निर्माण महाराष्ट्र सरकार ने कराया है, को लेकर कई बार लोगों ने फ्लाइट में सराहना की, लेकिन वह मेरा प्रोजेक्ट नहीं था।''

नितिन गडकरी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ''मैं सिर्फ राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए जिम्मेदार हूं। मैं दिल्ली, एमसीडी या फिर राज्य की सड़कों के लिए जिम्मेदार नहीं हूं, लेकिन जनता हर चीज के लिए हमें जिम्मेदार समझती है, जो किसी समस्या से कम नहीं है।'' उन्होंने कहा कि कई बार लोग राज्य सरकार का क्रेडिट हमें दे देते हैं और कई बार अनावश्यक रूप से हमारी तरफ ऊंगली उठाते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने खुद को बताया भाग्यशाली

जब टाइम्स नाउ की एंकर आयशा फरीदी ने सवाल किया कि फ्लाइट में आकर लोग आपको बुरा भी कहते हैं तो इस पर नितिन गडकरी ने कहा, ''मैं सार्वजनिक जीवन में बहुत भाग्यशाली इंसान हूं। मुझे लोग दिल से अच्छा कहते हैं और यह मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। मैं मानता हूं कि राजनीति सामाजिक-आर्थिक सुधार का एक साधन है। एक मंत्री के तौर पर देश के लिए काम करना मेरी जिम्मेदारी है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article