बिजनेस

20 साल का होम लोन सिर्फ 10 साल में चुकाना चाहते हैं? अपनाएं ये 3 आसान तरीके

हर किसी का सपना होता है खुद का घर लेना, जिसको पूरा करने के लिए अक्सर लोग होम लोन लेते हैं। अगर आपने भी खुद के घर के लिए होम लोन लिया और उसे जल्दी खत्म करना चाहते हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। आइए आपको बताते हैं कि आप कैसे 20 साल का होम लोन सिर्फ 10 साल में चुका सकते हैं?

Home Loan

आज के समय में अपना घर होना हर इंसान का सपना है, लेकिन बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों ने यह सपना मुश्किल बना दिया है। ज्यादातर लोग घर खरीदने के लिए होम लोन का सहारा लेते हैं, जो आमतौर पर 20 से 30 साल तक चलता है। लंबे समय के लोन की सबसे बड़ी समस्या यह है कि EMI तो हर महीने भरनी ही पड़ती है, लेकिन उसकी एक बड़ी हिस्सेदारी ब्याज में चली जाती है। यानी आप जितना लोन लेते हैं, उससे कई गुना ज्यादा रकम ब्याज में चुकानी पड़ती है। ऐसे में हर कोई चाहता है कि उसका लोन जल्दी खत्म हो जाए, ताकि वित्तीय बोझ कम हो और जिंदगी में थोड़ा सुकून आए। अच्छी बात यह है कि कुछ स्मार्ट तरीकों को अपनाकर आप 20 साल का लोन सिर्फ 10–12 साल में ही खत्म कर सकते हैं। आइए बताते हैं कैसे?

कैसे खत्म करें 20 साल का लोन?

मान लीजिए आपने 50 लाख रुपये का होम लोन 20 साल के लिए 8.5% ब्याज दर पर लिया है। इस पर आपकी EMI लगभग 43,000 रुपये बनती है। किसी भी होम लोन की शुरुआत में EMI का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में जाता है और बहुत छोटा हिस्सा प्रिंसिपल कम करता है। इसी वजह से शुरुआती 5–7 साल तक लोन कम होता हुआ दिखाई ही नहीं देता। लेकिन अगर आप कुछ साधारण और स्मार्ट तरीकों को अपनाएं, तो आप अपना 20 साल वाला लोन भी काफी जल्दी खत्म कर सकते हैं और लाखों रुपये ब्याज की बचत कर सकते हैं।

सबसे आसान और प्रभावी तरीका है हर साल एक अतिरिक्त EMI भरना, जिसे प्रीपेमेंट कहा जाता है। अगर आपकी EMI 43,000 रुपये है और आप साल में एक बार इतना ही अतिरिक्त भुगतान करते हैं, तो यह पूरी राशि आपके प्रिंसिपल अमाउंट को सीधे कम करती है। जैसे ही प्रिंसिपल घटता है, आगे की EMI में ब्याज का हिस्सा भी कम होने लगता है और आपका लोन तेज़ी से चुकता होता है।

अगर आप यह आदत नियमित रूप से अपनाते हैं जैसे सालाना बोनस, अतिरिक्त कमाई, प्रॉफिट शेयर या टैक्स रिफंड आने पर एक अतिरिक्त EMI भरते रहें तो 20 साल वाला होम लोन लगभग 15–16 साल में ही खत्म हो सकता है। इससे न सिर्फ आपकी लोन अवधि घटती है, बल्कि आप पूरे लोन में कई लाख रुपये ब्याज भी बचा लेते हैं।

ये भी पढ़ें: होम बायर्स ध्यान दें! बिल्डर-बायर एग्रीमेंट में क्या-क्या पढ़ें? ये चेकलिस्ट आएगी काम

ये तरीका भी है बेहद कामगार

दूसरा बेहतरीन तरीका है हर साल अपनी EMI बढ़ाना। आमतौर पर हर साल लोगों की सैलरी बढ़ती है, इसलिए EMI में 7%–10% की बढ़ोतरी करना ज्यादातर लोगों के लिए संभव होता है। EMI बढ़ाने का फायदा यह है कि लोन का प्रिंसिपल तेजी से कम होने लगता है। अगर आप 7.5% की दर से हर साल EMI बढ़ाते हैं, तो 25 साल का लोन सिर्फ 12–15 साल में खत्म किया जा सकता है। इससे न सिर्फ अवधि कम होती है बल्कि कुल ब्याज में भी बड़ी बचत होती है। EMI बढ़ाना एक अनुशासन की तरह है थोड़ा त्याग जरूरी है लेकिन इसका फायदा बड़ा होता है।

तीसरी रणनीति सबसे असरदार है अतिरिक्त EMI और EMI बढ़ोतरी दोनों को साथ में अपनाना। यह तरीका उन लोगों के लिए है जो सच में लोन जल्दी खत्म करना चाहते हैं। अगर आप हर साल 40,000 रुपये का प्रीपेमेंट भी करते हैं और EMI में सालाना बढ़ोतरी भी करते हैं, तो 25 साल का लोन सिर्फ 10 साल में समाप्त किया जा सकता है। यह सुनने में कठिन लगता है, लेकिन सही प्लानिंग के साथ बेहद आसान है। इस रणनीति से आप कई लाख रुपये ब्याज में बचा सकते हैं और जल्दी फ्री होकर अन्य निवेश कर सकते हैं।

इन बातों का रखें ख्याल

होम लोन जल्दी खत्म करने के लिए कुछ अतिरिक्त बातें भी ध्यान में रखनी चाहिए। जैसे कभी भी लोन प्रीपेमेंट पर बैंक द्वारा लिए जाने वाले चार्जेज को चेक करें, हालांकि फ्लोटिंग रेट लोन में आमतौर पर कोई प्रीपेमेंट चार्ज नहीं होता। साथ ही कोशिश करें कि शुरुआती सालों में ज्यादा से ज्यादा प्रीपेमेंट करें, क्योंकि शुरुआत में EMI का बड़ा हिस्सा ब्याज में जाता है। एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि खर्चों पर नियंत्रण रखकर और अनावश्यक खरीदारी को कम करके भी अतिरिक्त EMI देना संभव हो जाता है।

लोन लेना आसान है, लेकिन बुद्धिमानी इसी में है कि इसे जल्द से जल्द खत्म किया जाए। थोड़ी सी प्लानिंग, नियमित प्रीपेमेंट और सालाना EMI बढ़ोतरी जैसी आदतें अपनाकर आप न सिर्फ अपने लोन की अवधि आधी कर सकते हैं बल्कि भविष्य के लिए आर्थिक आज़ादी भी हासिल कर सकते हैं।

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article