बिजनेस

मैच्योरिटी से पहले 5 साल की FD तोड़ी? ब्याज और टैक्स दोनों में लगेगा झटका

पोस्ट ऑफिस की स्कीमें हमेशा से लोगों की पहली पसंद रही हैं, कई बार जिंदगी में अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है और लोग FD को मैच्योरिटी से पहले तोड़ने का सोच लेते हैं। अगर आप भी ऐसा करने की सोच रहे हैं, तो जरा रुक जाइए। पहले जान लीजिए कि ऐसा करने पर आपको कितना नुकसान हो सकता है।

Image

FD Maturity Loss

पोस्ट ऑफिस की स्कीमें हमेशा से लोगों की पहली पसंद रही हैं, क्योंकि इनमें सुरक्षा और गारंटीड रिटर्न मिलता है। इनमें सबसे पॉपुलर है 5 साल की टाइम डिपॉजिट (FD), जिसमें आपको अच्छा ब्याज और साथ ही टैक्स बचाने का फायदा भी मिलता है। ज्यादातर लोग यही सोचकर इसमें निवेश करते हैं कि 5 साल बाद एक मोटी रकम हाथ में आएगी।

लेकिन कई बार जिंदगी में अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है और लोग FD को मैच्योरिटी से पहले तोड़ने का सोच लेते हैं। अगर आप भी ऐसा करने की सोच रहे हैं, तो जरा रुक जाइए। पहले जान लीजिए कि ऐसा करने पर आपको कितना नुकसान हो सकता है।

क्या कहते हैं नियम?

5 साल की पोस्ट ऑफिस FD को आप पहले 4 साल तक किसी भी हालत में नहीं तोड़ सकते। यानी यह अवधि पूरी तरह लॉक-इन होती है। अगर आप 4 साल पूरे होने के बाद और 5 साल पूरे होने से पहले FD तोड़ते हैं, तो आपको तय 7.5% ब्याज नहीं मिलेगा। इसकी जगह केवल 4% ब्याज (जो कि बचत खाते की दर है) मिलेगा। इतना ही नहीं, जो ब्याज आपको पहले से मिल चुका है, वह भी आपकी रकम से एडजस्ट कर लिया जाएगा।

सबसे बड़ा झटका टैक्स पर

ब्याज का नुकसान तो एक पहलू है, लेकिन असली नुकसान टैक्स के मोर्चे पर होता है। 5 साल की FD पर आपको इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। लेकिन यह छूट तभी मिलेगी, जब आप FD को पूरे 5 साल तक लॉक-इन रखेंगे। अगर आपने बीच में FD तोड़ी, तो आपको वह टैक्स बेनिफिट वापस करना होगा। यानी जिस साल आप FD तोड़ेंगे, उस साल आपकी बचत हुई टैक्स की रकम आपकी आय में जोड़ दी जाएगी और आपको उस पर टैक्स चुकाना होगा।

क्या FD तोड़ना सही है?

स्पष्ट है कि 5 साल की पोस्ट ऑफिस FD को मैच्योरिटी से पहले तोड़ना एक महंगा सौदा है। इसमें आपको ब्याज का नुकसान होगा, टैक्स छूट वापस जाएगी और आपकी पूरी वित्तीय योजना बिगड़ सकती है। इसलिए इसे हमेशा आखिरी विकल्प मानें। अगर पैसों की जरूरत हो तो पहले दूसरे विकल्प देखें, जैसे कि लोन या किसी और निवेश को तोड़ना।

बाकी FD को तोड़ने का नियम

पोस्ट ऑफिस FD को 6 महीने से पहले तोड़ा नहीं जा सकता। अगर 1, 2 या 3 साल की FD को 6 महीने से 1 साल के बीच तोड़ते हैं, तो केवल 4% ब्याज (सेविंग अकाउंट की दर) मिलेगा। अगर 2 या 3 साल की FD को 1 साल बाद तोड़ा जाता है, तो पूरे सालों के लिए FD की दर से 2% कम ब्याज मिलेगा। वहीं, 1 साल से कम की अवधि के लिए फिर से केवल 4% ब्याज ही मिलेगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article