Home Loan Interest Rates : देश में होम लोन लेने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 5 दिसंबर को रेपो रेट 5.50% से घटाकर 5.25% कर दिया। RBI के इस फैसले के बाद देश के तीन प्रमुख सरकारी बैंकों पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ इंडिया (BOI) और इंडियन बैंक ने अपनी ब्याज दरों में कमी करने का ऐलान किया। इस फैसले से लाखों ग्राहकों की EMI कम होगी या लोन जल्दी खत्म हो सकेगा। आइए जानते हैं किस बैंक ने कितना रेट घटाया और इससे आपको क्या फायदा होगा।
PNB ने RLLR घटाया, MCLR में बदलाव नहीं
पंजाब नेशनल बैंक ने बताया कि उसने अपनी Repo Linked Lending Rate (RLLR) को 8.35% से घटाकर 8.10% कर दिया है। यह नई दर 6 दिसंबर 2025 से लागू हो गई है। हालांकि बैंक ने यह भी साफ कर दिया है कि MCLR और बेस रेट में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
किसे मिलेगा फायदा?
जो ग्राहक RLLR से जुड़े होम लोन ले रहे हैं, उन्हें ब्याज दर में यह कमी उनकी अगली रीसेट डेट पर दिखाई देगी। इसका फायदा दो तरीकों से मिलेगा या तो आपकी EMI कम होगी या आपके लोन की अवधि घट जाएगी। लेकिन जिनका लोन अभी भी MCLR या Base Rate से चलता है, उन्हें इस समय कोई राहत नहीं मिलेगी।
Bank of India का RBLR हुआ सस्ता
बैंक ऑफ इंडिया ने भी अपने Repo Based Lending Rate (RBLR) में 25 बेसिस प्वॉइंट (0.25%) की कटौती की है। पहले RBLR 8.35% था, जो अब घटकर 8.10% हो गया है। ये नई दरें 5 दिसंबर से लागू हैं। बैंक का कहना है कि आरबीआई की नई मौद्रिक नीति में रेपो रेट कम होने की वजह से यह कटौती जरूरी थी।
इससे किसे फायदा होगा?
जो ग्राहक होम लोन, कार लोन या MSME लोन रिपो रेट से जुड़े हुए लेते हैं, उन्हें सीधे EMI में कमी देखने को मिलेगी। ब्याज दर कम होने से मासिक किस्तें हल्की होंगी और लोन तेजी से खत्म किया जा सकेगा।
Indian Bank ने RBLR और MCLR दोनों घटाए
इंडियन बैंक ने भी ब्याज दरों में बड़ी कटौती की है। बैंक ने अपना Repo Linked Benchmark Lending Rate (RBLR) 8.20% से घटाकर 7.95% कर दिया है। यह दर 6 दिसंबर 2025 से लागू हो गई है। इसके साथ ही बैंक ने अपने MCLR में भी 5 बेसिस प्वॉइंट की कमी की घोषणा की है। यानी अब MCLR से जुड़े लोन भी पहले की तुलना में और सस्ते हो जाएंगे। बैंक का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह से RBI की नई पॉलिसी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ताकि ग्राहकों को ब्याज भार में राहत मिल सके।
आपके लिए क्या मतलब?
अगर आपका होम लोन RLLR या RBLR से जुड़ा है, तो आपको आने वाली रीसेट डेट पर सीधे फायदा होगा। EMI कम हो सकती है या फिर आपको लोन कम समय में पूरा करने का मौका मिलेगा। लेकिन अगर आपका लोन अभी भी MCLR या Base Rate पर है, तो अभी आपको कोई फायदा नहीं मिलेगा। ऐसे में आप चाहें तो अपने बैंक से नई ब्याज दर पर शिफ्ट होने के विकल्प पूछ सकते हैं।
