HDFC Bank ने मारी बाजी, 18,807 करोड़ का मुनाफा, ICICI Bank ने किया निराश, जानें बाकी बैंकों का हाल
- Edited by: आलोक कुमार
- Updated Jan 17, 2026, 09:40 PM IST
Bank Q3 Result: एक बार फिर प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक, एचडीएफसी ने शानदार तिमाही रिजल्ट पेश किया है। बैंक के मुनाफे में जोरदार वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक ने निराश किया है। बैंक के मुनाफे में कमी आई है।
एचडीएफसी
प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 12.17 प्रतिशत बढ़कर 19,807 करोड़ रुपये हो गया। मुंबई मुख्यालय वाले इस बैंक ने पिछले साल इसी अवधि में 17,657 करोड़ रुपये और पिछली सितंबर तिमाही में 19,611 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
एकल आधार पर बैंक का लाभ अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 11.46 प्रतिशत बढ़कर 18,653.75 करोड़ रुपये हो गया।
ब्याज आय में जबरदस्त बढ़ोतरी
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय 6.4 प्रतिशत बढ़कर 32,600 करोड़ रुपये रही, जबकि गैर ब्याज आय 13,250 करोड़ रुपये रही। बैंक ने बताया कि समग्र स्तर पर उसका शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.35 प्रतिशत रहा। इसके अतिरिक्त नए श्रम कानूनों को लागू करने के कारण समीक्षाधीन तिमाही के दौरान उसका खर्च 800 करोड़ रुपये बढ़ा। समीक्षाधीन अवधि में ऋण में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि के दम पर मुख्य शुद्ध ब्याज आय 6.4 प्रतिशत बढ़कर 32,600 करोड़ रुपये रही, जबकि गैर-ब्याज आय 13,250 करोड़ रुपये रही। इस दौरान अन्य आय 15 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 13,254 करोड़ रुपये हो गई।
आईसीआईसीआई बैंक का लाभ घटा
आईसीआईसीआई बैंक ने शनिवार को कहा कि दिसंबर 2025 तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 2.68 प्रतिशत घटकर 12,537.98 करोड़ रुपये रहा। आईसीआईसीआई बैंक ने पिछले साल अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 12,883.37 करोड़ रुपये और पिछली सितंबर 2025 तिमाही में 13,537.06 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
बैंक ने एकल आधार पर 11,318 करोड़ रुपये का कर पश्चात लाभ (पीएटी) दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि में 11,792 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत बढ़कर 21,932 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान ऋण वृद्धि 11.5 प्रतिशत और शुद्ध ब्याज मार्जिन में 0.05 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बैंक की गैर ब्याज आय 12.4 प्रतिशत बढ़कर 7,525 करोड़ रुपये रही। नए श्रम कानूनों के लागू होने के बाद बैंक ने 145 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। उसका कुल प्रावधान दोगुना होकर 2,556 करोड़ रुपये हो गया।
यूको बैंक का शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़ा
सरकारी क्षेत्र का यूको बैंक का शुद्ध लाभ दिसंबर 2025 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 16 प्रतिशत बढ़कर 740 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य आय में वृद्धि और गैर-निष्पादित आस्तियों में कमी से बैंक के मुनाफे को बल मिला है। कोलकाता मुख्यालय वाले बैंक ने शनिवार को बताया कि उसने पिछले साल की समान अवधि में 639 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, आलोच्य तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 7,521 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 7,406 करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 6,220 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,652 करोड़ रुपये पर आ गई।
आईडीबीआई बैंक का लाभ 1,935 करोड़ रुपये
आईडीबीआई बैंक का दिसंबर 2025 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ लगभग स्थिर रहा। बैंक ने शनिवार को बताया कि इस दौरान उसने 1,935 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है और पिछले साल की समान अवधि में 1,908 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, आलोच्य तिमाही में बैंक की कुल आय घटकर 8,282 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 8,565 करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक की ब्याज आय भी पिछले साल के 7,816 करोड़ रुपये से कम होकर 7,074 करोड़ रुपये पर आ गई। बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। आलोच्य अवधि के दौरान बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात सुधरकर 2.57 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 3.57 प्रतिशत था। हालांकि, शुद्ध एनपीए 0.18 प्रतिशत के स्तर पर स्थिर रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।