बिजनेस

GST: नवंबर 2021 से ज्यादा, लेकिन पिछले महीने से कम रही सरकार की कमाई, इतना रहा जीएसटी कलेक्शन

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Dec 1, 2022, 04:42 PM IST

GST Collection: सरकार ने नवंबर 2022 के लिए माल एवं सेवा कर के कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए हैं। पिछले महीने के मुकाबले नवंबर में GST संग्रह कम हुआ, लेकिन नवंबर 2021 के मुकाबले यह बढ़ा।

Image

GST: नवंबर 2022 में GST कलेक्शन 1.46 लाख करोड़ रुपये

Photo : iStock

नई दिल्ली। सरकार ने नवंबर 2022 के लिए जीएसटी कलेक्शन (GST Collection) के आंकड़े जारी कर दिए हैं। अच्छी खबर ये है कि नवंबर 2022 में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले यानी नवंबर 2021 के मुकाबले जीएसटी राजस्व 11 फीसदी बढ़ा है। नवंबर 2022 में जीएसटी से सरकार के खजाने में 1.46 लाख करोड़ रुपये आए। नवंबर 2021 में यह आंकड़ा 1,31,526 करोड़ रुपये था। यह लगातार नौवां महीना है जब वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी से संग्रह 1.40 लाख करोड़ रुपये से ऊपर रहा है। मालूम हो कि नवंबर 2022 के आंकड़े पिछले महीने यानी अक्टूबर 2022 के 1,51,718 करोड़ रुपये के मुकाबले कम हैं।

जीएसटी डेटा की पूरी जानकारी

नवंबर 2022 के महीने में सकल जीएसटी राजस्व 1,45,867 करोड़ रुपये है, जिसमें सेंट्रल जीएसटी 25,681 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी 32,651 करोड़ रुपये, एकीकृत जीएसटी 77,103 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्र 38,635 करोड़ रुपये सहित) है। वहीं उपकर 10,433 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्रित 817 करोड़ रुपये सहित) है।

अप्रैल में सबसे ज्यादा था GST राजस्व

महीने के दौरान, माल के आयात से राजस्व 20 फीसदी अधिक था और घरेलू लेनदेन से राजस्व (सेवाओं के आयात सहित) पिछले साल के इसी महीने के दौरान इन स्रोतों से प्राप्त राजस्व से 8 फीसदी ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल में जीएसटी से राजस्व करीब 1.68 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर को छू गया था। दूसरा सबसे ज्यादा कलेक्शन अक्टूबर में 1.52 लाख करोड़ रुपये रहा।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article