ग्रो का शेयर धड़ाम
Groww share price hits lower circuit: ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म Groww की मूल कंपनी, बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स लिमिटेड के शेयरों में 5 दिनों के जारी एकतरफा तेजी पर बुधवार को ब्रेक लग गया है। आपको बता दें कि ग्रो का आईपीओ लिस्ट होने के बाद पहली बार आज लोअर सर्किट लग गया है। शेयर 10% की बड़ी गिरावट के चलते 169.94 रुपये पर पहुंच गया है। इससे पहले शेयर में 94% की जबरदस्त रैली देखने को मिली थी। मंगलवार को स्टॉक ने 193.91 रुपये का हाई लगाया था। हालांकि, आज मुनाफावसूली के चलते स्टॉक में बड़ी गिरावट आई है और लोअर सर्किट लग गया है।
ग्रो के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। शेयर की कीमत उसके आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के ₹100 मूल्य से लगभग दोगुनी हो गई है। मंगलवार को कारोबार बंद होने तक, शेयर अपने आईपीओ मूल्य से लगभग 94% बढ़ गया था। मंगलवार के कारोबारी सत्र के दौरान, ग्रो के 46 करोड़ से अधिक शेयरों का आदान-प्रदान हुआ, जिनमें से केवल 8.24 करोड़ शेयरों की डिलीवरी हुई। ग्रो के लिए एक महत्वपूर्ण डेट, 21 नवंबर को है, जब कंपनी अपने तिमाही परिणाम जारी करेगी, जो पिछले सप्ताह सार्वजनिक होने के बाद से उसका पहला वित्तीय खुलासा होगा।
आज की गिरावट का एक बड़ा कारण कई एक्सपर्ट की ओर से निवेशकों को वैल्यूएशन को लेकर दिए सुझाव के बाद आया है। मंबलवार को कई एक्सपर्ट और ब्रोकरेज फॉर्म ने कंपनी के वैल्यूएशन में तेजी से उछाल को लेकर चिंता जताई थी। इससे निवेशकों में डर का माहौल बना और आज बिकवाली देखने को मिल रही है। रेवन्यू के आंकड़े देखें तो ग्रो के आंकड़े एंजेल वन (₹5,238 करोड़) और जरोधा (₹8,500 करोड़) जैसे अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में कम हैं (वित्त वर्ष 2025 का राजस्व ₹3,902 करोड़ है)। हालांकि, ग्रो के पास किसी भी प्लेटफ़ॉर्म की तुलना में सबसे अधिक सक्रिय ग्राहक (1.29 करोड़) हैं, जो इसे अन्य दो पर बढ़त देता है।