राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतों में लगातार चौथे दिन तेजी जारी रही और यह 2,700 रुपये बढ़कर 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव सोमवार को 1,64,400 प्रति 10 ग्राम पर रहा था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 3,500 रुपये घटकर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि पिछली सत्र में यह 2,53,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
हाजिर सोने में गिरावट
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सर्राफा की कीमतों में हालिया बढ़त का कुछ हिस्सा कम हो गया। दो दिन की बढ़त के बाद, हाजिर सोने की कीमत 11.87 डॉलर या 0.26 प्रतिशत टूटकर 4,639.51 डॉलर प्रति औंस रह गई।
चांदी पर भी दबाव बना रहा और इसकी कीमत 1.04 प्रतिशत टूटकर 67.88 डॉलर प्रति औंस रह गई। यह लगातार दूसरा दिन था जब चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। व्यापारियों की मुनाफावसूली के कारण तीन दिन की तेजी के बाद चांदी की कीमतों में थोड़ी गिरावट आई।
सोने की कीमत में क्यों लौटी तेजी?
सोने की कीमतों को कई स्तरों पर समर्थन मिल रहा है। अमेरिकी डॉलर में नरमी, ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीद और केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। दूसरी ओर, भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ रही है।
चांदी की तस्वीर इससे भी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। औद्योगिक मांग, खासकर AI डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और बिजली ग्रिड से जुड़ी जरूरतों ने चांदी की खपत बढ़ाई है। ऐसे में सीमित आपूर्ति के बीच मांग बढ़ने से कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। हालांकि, ऊंची कीमतों के बाद मुनाफावसूली का जोखिम बना रहेगा। निवेशकों की नजर अब अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेड के अगले संकेतों पर होगी।
