बिजनेस

सोने की कीमत में लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट, डॉलर में तेजी की वजह से घटी कीमतें, जानें ताजा भाव

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर आपूर्ति वाले सोने का वायदा मूल्य पिछले सप्ताह 165 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत गिरकर शुक्रवार को 1,21,067 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

Image

डॉलर की कीमत में तेजी से वजह से सोने की कीमत में आई गिरावट।

विश्लेषकों का कहना है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिज़र्व अधिकारियों की सतर्क टिप्पणियों से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है, जिसके परिणामस्वरूप सोने की कीमतों में लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों ने कहा कि डॉलर में लगातार मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ‘प्रतीक्षा और निगरानी’ की नीति के कारण सुरक्षित निवेश माने जाने वाले इस परिसंपत्ति वर्ग की मांग कमजोर पड़ी है। इसके चलते छुट्टियों के कारण छोटे कारोबारी सप्ताह में सर्राफा की कीमतें सीमित दायरे में रहीं।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर आपूर्ति वाले सोने का वायदा मूल्य पिछले सप्ताह 165 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत गिरकर शुक्रवार को 1,21,067 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

सीमित दायरे में रहा सोने का कारोबार

एलजीटी वेल्थ इंडिया के फिक्स्ड इनकम एसेट्स के मुख्य निवेश अधिकारी (सीआईओ) चिराग दोशी ने कहा, 'सप्ताहभर सोने का कारोबार सीमित दायरे में रहा। हालांकि सप्ताह के मध्य में आई गिरावट के बाद सौदेबाजी आधारित खरीदारी देखने को मिली, लेकिन अक्टूबर में दिखाई देने वाली मजबूत रफ्तार अब धीमी पड़ गई है।' उन्होंने कहा, 'बाजार फिलहाल ठहराव और मूल्यांकन के दौर में प्रतीत होता है, जहां निवेशक बड़ी पोज़िशन लेने से पहले अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड से स्पष्ट संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।'

वेंचुरा के कमोडिटी एवं सीआरएम प्रमुख एन एस रामास्वामी ने कहा, 'सोने की कीमतें अब भी अपेक्षाकृत मजबूत हैं, क्योंकि अमेरिकी डॉलर में नरमी और फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदें बनी हुई हैं। डॉलर सूचकांक अगस्त से 98 से 100 के दायरे में बना हुआ है। कमजोर डॉलर निकट भविष्य में सोने को कुछ सहारा दे सकता है।'

सोने-चांदी के दाम में हुई भारी बढ़ोतरी

आपको बता दें कि इस साल सोने और चांदी दोनों के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹76,162 थी, जो अब बढ़कर ₹1,20,100 हो गई है। यानी पिछले 10 महीने में अब तक सोने के दाम में 43,938 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, चांदी के भाव में भी अचानक से बढ़ोतरी देखी गई है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी ₹86,017 की मिल रही थी, जबकि अब इसकी कीमत बढ़कर ₹1,48,275 प्रति किलो हो गई है। यानी चांदी के दामों में ₹62,258 की बढ़ोतरी हुई है।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article