Gold and Silver Rate Today, 27 December 2022: मंगलवार को अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया कमजोर हुआ है। इस बीच देश में गोल्ड की कीमत बढ़ गई। वहीं सिल्वर के दाम में जोरदार बढ़त दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातु में तेजी के बीच 27 दिसंबर 2022 को राष्ट्रीय राजधानी में पीली धातु की कीमत 173 रुपये बढ़कर 55,074 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं पिछले कारोबार में, यानी सोमवार को गोल्ड 54,901 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की इतनी है कीमत
सिल्वर (Silver Price Today) की बात करें, तो आज इसमें 926 रुपये की जबर्दस्त तेजी आई है और इसका दाम 70,205 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,807.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था, जबकि चांदी की कीमत 24.19 डॉलर प्रति औंस थी।
रुपये में 20 पैसे की गिरावट
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले मंगलवार को रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 82.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी की बाजार से निकासी और आयातकों की मासांत की डॉलर मांग के कारण रुपये में यह गिरावट देखने को मिली। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.71 के स्तर पर कमजोर खुला और कारोबार के अंत में यह 20 पैसे की गिरावट दर्शाता 82.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.69 के उच्चस्तर और 82.87 के निचले स्तर को छुआ। सोमवार को रुपया 82.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
डॉलर इंडेक्स में कमी
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत घटकर 104.02 रह गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.83 प्रतिशत बढ़कर 84.62 डॉलर प्रति बैरल हो गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 361.01 अंक बढ़कर 60,927.43 अंक पर बंद हुआ।
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
