Gold and Silver Rate Today, 21 October 2022: शुक्रवार को सोना और चांदी फिर से सस्ता हो गया। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच पीली धातु लगातार दूसरे साप्ताहिक नुकसान की ओर बढ़ रही है। इस साल 18 अप्रैल को सोने की कीमत 54,380 रुपये प्रति दस ग्राम की अब तक के सबसे उच्च दर पर पहुंच गई थी। इस दर से सोना अब 4400 रुपये सस्ता है। धनतेरस (Dhanteras) और दिवाली (Diwali) से पहले यह ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। ऐसा इसलिए क्योंकि देश में इन त्योहारों को धूमधाम से मनाया जाता है और हिंदू उत्सव के हिस्से के रूप में सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है।
इतना हुआ सोना- चांदी का दाम
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना वायदा (Gold Price) 0.33 फीसदी या 163 रुपये की गिरावट के साथ 49,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। चांदी वायदा (Silver Price) 0.50 फीसदी या 283 रुपये की गिरावट के साथ 56,370 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, हाजिर बाजार में गुरुवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 50,228 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी की कीमत 56,267 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
निवेशक उठा सकते हैं फायदा
10 ग्राम सोने की कीमत इस साल की शुरुआत में अपने उच्चतम स्तर से गिरकर लगभग इस सप्ताह से 50,000 रुपये के स्तर के करीब बनी हुई है। लिहाजा, त्योहारी सीजन से पहले निवेशक इस कम कीमत का फायदा उठा सकते हैं।
ग्लोबल मार्केट में इतना है दाम
इस बीच, हाजिर सोना 1,622.66 डॉलर प्रति औंस हो गया। इस हफ्ते इसमें लगभग 1.2 फीसदी की गिरावट आई है। हाजिर चांदी 0.7 फीसदी गिरकर 18.53 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। अमेरिकी सोना वायदा 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 1,629.20 डॉलर पर बंद हुआ। पिछले दो महीनों में सोने की हाजिर कीमत में 1,600 रुपये से अधिक की गिरावट आई है, जबकि इसी अवधि के दौरान हाजिर बाजार में चांदी लगभग 4,500 रुपये प्रति किलोग्राम कम हुई है।
