Gold and Silver Rate Today, 15 November 2022: मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना वायदा (Gold futures on MCX) 0.08 फीसदी या 41 रुपये की मामूली तेजी के साथ 52,759 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी वायदा (Silver Price) 0.18 फीसदी या 114 रुपये की तेजी के साथ 62,584 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। उल्लेखनीय है कि घरेलू कीमत में बढ़ोतरी ने पिछले हफ्ते भारत में सोने के उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया और डीलरों को डिस्काउंट की पेशकश करने के लिए प्रेरित किया।
सोमवार को इतना था उच्चतम शुद्धता वाले सोने का दाम
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के अनुसार, हाजिर बाजार में सोमवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 52,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी 61,583 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी। नवंबर महीने में अब तक सोने का हाजिर भाव करीब 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम उछल चुका है, जबकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान चांदी की हाजिर कीमत करीब 4,200 रुपये प्रति किलो उछल गई है।
डॉलर के मुकाबले बढ़ा रुपया
पॉजिटिव आर्थिक आंकड़ों और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमत में नरमी के बीच मंगलवार को अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया 14 पैसे मजबूत होकर 81.14 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। आज अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 81.18 के स्तर पर मजबूती के साथ खुला था। फिर शुरुआती कारोबार में यह 81.14 के स्तर पर पहुंच गया। इस तरह भारतीय मुद्रा ने पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की मजबूती दर्ज की।
उल्लेखनीय है कि विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों में निवेश का सिलसिला जारी रखा है। विदेशी निवेशकों की ओर से सोमवार को 1,089.41 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी दर्ज की गई थी।
ग्लोबल मार्केट में इतनी है कीमती धातुओं की कीमत
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी महंगा हुआ है। गोल्ड 0.31 फीसदी बढ़कर 1775 डॉलर पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 1.86 फीसदी महंगी होकर 22.07 डॉलर पर आ गई। इसी तरह आज जिंक और एल्युमिनियम की कीमत में भी इजाफा हुआ। जिंक 4.87 फीसदी महंगा होकर 3025 डॉलर पर पहुंच गया। एल्युमिनियम 5.87 फीसदी ऊपर 2464 डॉलर पर आ गया।
