बिजनेस

Foxconn:फॉक्सकॉन का भारत में कारोबार 10 अरब डॉलर के पार, iPhone का कमाल

Foxconn Investment: फॉक्सकॉन ने अब तक भारत में 1.4 अरब डॉलर का निवेश किया है। फॉक्सकॉन का भारत में कारोबार 2024 तक 10 अरब डॉलर के पार हो गया है।

Image

Foxconn का भारत में निवेश

Foxconn Investment:भारत में एप्पल के लिए आईफोन का उत्पादन करने वाली फॉक्सकॉन का भारत में कारोबार 2024 तक 10 अरब डॉलर के पार हो गया है। कंपनी के चेयरमैन यंग लियू ने यहां यह जानकारी दी। और कंपनी ने अब तक भारत में 1.4 अरब डॉलर का निवेश किया है। और जिस तरह भारत में कंपनी का कारोबार बढ़ रहा है, उसे देखते हुए वह आगे भी निवेश की तैयारी करनी है। इस समय कंपनी के चेयरमैन यंग लियू भारत की यात्रा पर है। वह भारत में कारोबार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिल चुके हैं।

1.4 अरब डॉलर का निवेश

कंपनी के अनुसार, फॉक्सकॉन ने अब तक भारत में 1.4 अरब डॉलर का निवेश किया है।लियू ने पीटीआई-भाषा से कहा, "पिछले साल तक हमने 10 अरब डॉलर से अधिक का कारोबार किया है। हम आने वाले साल में और भी बहुत कुछ करेंगे।"वह शनिवार को यहां फॉक्सकॉन के संयंत्र के पास कंपनी के केवल महिलाओं के लिए बने आवासीय परिसर के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे।पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित लियू ने कहा कि देश की अपनी वर्तमान यात्रा के दौरान उन्होंने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की और महसूस किया कि भारत उन्नति की ओर अग्रसर है।

पीएम मोदी के साथ बैठक में लियू ने भविष्य के कई सेक्टर्स के बारे में बातचीत की। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग आदि शामिल थे।तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने फॉक्सकॉन को हैदराबाद में निवेश के लिए आमंत्रित किया। फॉक्सकॉन के चेयरमैन ने कहा कि हैदराबाद शहर में विकास की काफी संभावनाएं हैं। इंडस्ट्रियल और सर्विस सेक्टर के साथ सभी सेक्टर में विस्तार संभव है।

इन राज्यों पर फोकस

इस वर्ष 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने के बाद लियू की यह पहली भारत यात्रा है।लियू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के साथ अपनी लगभग एक सप्ताह लंबी भारत यात्रा की शुरुआत की।उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में फॉक्सकॉन के निवेश पर चर्चा की।लियू ने इन तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्य के मंत्रियों से भी मुलाकात की।फॉक्सकॉन के चेयरमैन ने कहा कि भारत में ताइवान की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनी द्वारा सभी प्रकार की नियुक्तियों में बढ़ोतरी का रुझान है।

कर्नाटक सरकार के अनुसार, फॉक्सकॉन बेंगलुरु दक्षिण जिले में 22,000 करोड़ रुपये के निवेश से आईफोन असेंबली प्लांट लगा रही है। इससे करीब 50,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी फॉक्सकॉन के चेयरमैन से मुलाकात की थी। उन्होंने भारत और दुनिया में भविष्य की टेक्नोलॉजी पर चर्चा की।वित्त वर्ष 2023-24 में एप्पल की भारतीय इकाई की आय 8 अरब डॉलर रही थी। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में कंपनी ने 3.8 अरब डॉलर का निर्यात किया है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article