Foreign Exchange Reserves of India: 28 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.53 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 588.78 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। बताते चलें कि पिछले हफ्ते देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.164 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 584.248 अरब डॉलर पर आ गया था।
अक्टूबर 2021 में ऑल टाइम हाई पर था देश का विदेशी मुद्रा भंडार
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था, इसके बाद से मुद्रा भंडार कभी भी उस आंकड़े को दोबारा नहीं छू पाया। पिछले हफ्ते वैश्विक घटनाओं के कारण उत्पन्न दबाव और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रुपये के बचाव और सुरक्षा के लिए मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी वजह से मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई थी।
फॉरेन करेंसी ऐसेट्स में दर्ज की गई 5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 28 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा, फॉरेन करेंसी ऐसेट्स 5 अरब डॉलर बढ़कर 519.485 अरब डॉलर हो गई। डॉलर में अभिव्यक्त किए की जाने वाली विदेशी मुद्रा ऐसेट्स में यूरो, पाउंड और येन जैसे नॉन-अमेरिकन करेंसी में आए उतार-चढ़ाव के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में 49.4 करोड़ डॉलर की गिरावट
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) की वैल्यू 28 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में 49.4 करोड़ डॉलर घटकर 45.657 अरब डॉलर रह गई। आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (SDR- Special Drawing Rights) 3.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.466 अरब डॉलर हो गया। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF- International Monetary Fund) में रखा देश का मुद्रा भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 5.172 अरब डॉलर रह गया है।
भाषा इनपुट्स के साथ
