बिजनेस

Forex Reserve Of India: भारत का विदेशी मुद्रा भंडा में फिर गिरावट,जानें अब कितना रह गया गोल्ड रिजर्व

Forex Reserve Of India: गोल्ड रिजर्व का मूल्य 42.7 करोड़ डॉलर घटकर 56.53 अरब डॉलर रह गया है। वहीं विदेशी मुद्रा भंडार 1.71 अरब डॉलर घटकर 651.99 अरब डॉलर पर आ गया है। इसके पहले सात जून को विदेशी मुद्रा भंडार 655.82 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

Image

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटा (तस्वीर-Canva)

Forex Reserve Of India:देश के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर गिरावट आई है। विदेशी मुद्रा भंडार 28 जून को समाप्त सप्ताह में 1.71 अरब डॉलर घटकर 651.99 अरब डॉलर रहा। पिछले सप्ताह, कुल मु्द्रा भंडार 2.92 अरब डॉलर घटकर 652.89 अरब डॉलर रहा था। इस साल सात जून को भंडार 655.82 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। उसके बाद से भंडार में गिरावट का दौर है। इस दौरान गोल्ड रिजर्व भी घटा है।

कितना घटा गोल्ड रिजर्व

रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गोल्ड रिजर्व का मूल्य 42.7 करोड़ डॉलर घटकर 56.53 अरब डॉलर रह गया।

विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.5 करोड़ डॉलर घटकर 18.01 अरब डॉलर रहा। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक 28 जून को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 1.25 अरब डॉलर घटकर 572.88 अरब डॉलर रही।डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 10 लाख डॉलर बढ़कर 4.57 अरब डॉलर रहा।

रियल एस्टेट में विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा

विदेशी निवेशकों ने इस साल जनवरी-जून के दौरान भारतीय रियल एस्टेट में 3.1 अरब डॉलर का निवेश किया, जो कुल संस्थागत निवेश का 65 प्रतिशत है।रियल एस्टेट सलाहकार जेएलएल इंडिया ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि इस क्षेत्र में कुल संस्थागत निवेश जनवरी-जून 2024 में 62 प्रतिशत बढ़कर 4.76 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि में 2.93 अरब डॉलर था। जेएलएल इंडिया ने बताया कि इस साल जनवरी-जून में रियल एस्टेट में संस्थागत निवेश बढ़कर 4.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article