बिजनेस

IPO Update: First Cry को 12 गुना तो Unicommerce IPO को 168 गुना सब्सक्रिप्शन, जानें कब होगी लिस्टिंग

First Cry, Unicommerce IPO Update: दोनों कंपनियों के आईपीओ की 13 अगस्त को लिस्टिंग हो सकती है। ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के आईपीओ को बोली के तीसरे और अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 12.22 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इसी तरह यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के आईपीओ को 168 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

Image

आईपीओ अपडेट

First Cry, Unicommerce IPO Update:ई-कॉमर्स प्लेट फॉर्म फर्स्टक्राई की मूल कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के तीसरे और अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 12.22 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इसी तरह सॉफ्टबैंक समर्थित यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के आईपीओ को अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 168 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। अब दोनों कंपनियां आईपीओ अलॉटमेंट करेंगी। जिसके बाद दोनों कंपनियों के आईपीओ की 13 अगस्त को लिस्टिंग हो सकती है।

किसने कितना दांव लगाया, First Cry IPO

एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, First Cry IPO के लिए 4,194 करोड़ रुपये की शुरुआती शेयर बिक्री में 60,64,29,472 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि पेशकश 4,96,39,004 शेयरों के लिए की गई थी।पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 19.30 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि गैर संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 4.68 गुना अभिदान मिला। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 2.31 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।ब्रेनबीज सॉल्यूशंस ने एंकर निवेशकों से 1,886 करोड़ रुपये जुटाए हैं। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 440-465 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।पुणे स्थित ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के आईपीओ में 1,666 करोड़ रुपये मूल्य के इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 2,528 करोड़ रुपये मूल्य के 5.44 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है। इस तरह कुल निर्गम आकार 4,194 करोड़ रुपये है।

किसने कितना दांव लगाया, First Cry IPO

सॉफ्टबैंक समर्थित यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के तीसरे और अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 168 गुना अभिदान मिला।एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत जारी 1,40,84,681 शेयरों के मुकाबले 2,37,11,72,994 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।गैर-संस्थागत निवेशकों के खंड को 252.46 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 138.75 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के खंड को 130.99 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

छह से आठ अगस्त तक खुले आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 102-108 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के अनुसार उसने एंकर (बड़े) निवेशकों से 124 करोड़ रुपये जुटाए हैं।यह निर्गम पूरी तरह 2.56 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर है। इसमें मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर 276.6 करोड़ रुपये जुटेंगे। इस आईपीओ से मिलने वाली पूरी राशि शेयर बेचने वाले शेयरधारकों को जाएगी।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article