Transformer Stocks Rally: FII की खरीदारी के चलते ट्रांसफॉर्मर सेक्टर के स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। FII की बढ़ती हिस्सेदारी के बीच महज एक महीने में कुछ शेयरों ने 100% से ज्यादा रिटर्न दे दिए। Indo Tech से लेकर Voltamp तक, इस सेक्टर ने निवेशकों को चौंका दिया है।
1 महीने में किसने कितना दिया रिटर्न?
सबसे ज्यादा तेजी Indo Tech Transformers में देखने को मिली, जहां शेयर करीब 114% तक उछल गया। Bharat Bijlee ने भी 36% से ज्यादा का रिटर्न दिया, जबकि Voltamp Transformers करीब 30% चढ़ा। Transrail Lighting और TRIL में भी 20% से ज्यादा की तेजी दर्ज हुई।
FII खरीदारी ने भरी रफ्तार
मार्च 2026 तिमाही में विदेशी निवेशकों ने इन कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़ाई थी। यही ट्रिगर इस रैली की बड़ी वजह बना। जब बड़े निवेशक किसी सेक्टर में एंट्री लेते हैं, तो बाजार में भरोसा बढ़ता है और स्टॉक्स में तेजी आती है।
पावर सेक्टर का मेगा ट्रेंड बना सपोर्ट
भारत में पावर डिमांड तेजी से बढ़ रही है। रिन्यूएबल एनर्जी, डेटा सेंटर और ग्रिड अपग्रेडेशन जैसे बड़े ट्रेंड इस सेक्टर को मजबूती दे रहे हैं। ट्रांसफॉर्मर कंपनियां इस पूरी ग्रोथ स्टोरी का अहम हिस्सा हैं, जिससे इनके ऑर्डर और कमाई दोनों बढ़ रहे हैं।
क्या अभी भी है कमाई का मौका?
तेजी के बाद कई स्टॉक्स के वैल्यूएशन महंगे हो चुके हैं। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी से बचना चाहिए। हालांकि लॉन्ग टर्म थीम मजबूत है, इसलिए गिरावट पर खरीदारी की रणनीति ज्यादा बेहतर हो सकती है।
FII की नजर में क्यों आया ट्रांसफॉर्मर सेक्टर?
ग्लोबल स्तर पर पावर इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश हो रहा है। भारत में भी ग्रिड मॉडर्नाइजेशन, 500GW रिन्यूएबल टारगेट और डेटा सेंटर एक्सपेंशन जैसे बड़े ट्रेंड सामने हैं। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर कंपनियां इस पूरी वैल्यू चेन के केंद्र में आ गई हैं। यही वजह है कि FII इस सेक्टर में धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं।
किस स्टॉक्स में कितनी बढ़ी हिस्सेदारी
- मार्च 2026 तिमाही में Voltamp Transformers में FII हिस्सेदारी 21.78% से बढ़कर 22.82% हो गई। कंपनी का ऑर्डर बुक मजबूत है और रिन्यूएबल एनर्जी पर फोकस इसे लंबी रेस का खिलाड़ी बना सकता है।
- Transformers & Rectifiers India (TRIL) में भी विदेशी निवेशकों ने 1.3% से ज्यादा हिस्सेदारी जोड़ी है। कंपनी के पास 54,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का ऑर्डर बुक और मजबूत ग्रोथ विजिबिलिटी है।
- Transrail Lighting में FII हिस्सेदारी 1.1% से बढ़कर 2.17% पहुंच गई। कंपनी पावर ट्रांसमिशन EPC में मजबूत पकड़ रखती है और कम कर्ज इसे बढ़त देता है।
- Bharat Bijlee में भी FII हिस्सेदारी 3.6% से बढ़कर 4.1% हुई है। कंपनी के पावर सिस्टम और इंडस्ट्रियल सेगमेंट दोनों में ग्रोथ दिख रही है।
- वहीं Indo Tech Transformers में लगातार तीन तिमाही से FII खरीदारी हो रही है। हालांकि हिस्सेदारी अभी कम है, लेकिन ट्रेंड मजबूत संकेत देता है।
फंडामेंटल्स भी दे रहे सपोर्ट
इन कंपनियों के फाइनेंशियल्स भी मजबूत नजर आते हैं। कई कंपनियों की सेल्स और प्रॉफिट में 20% से 100% तक की CAGR ग्रोथ देखी गई है। ROE और ROCE भी बेहतर हैं, जो इनके बिजनेस मॉडल की मजबूती दिखाते हैं। ट्रांसफॉर्मर सेक्टर अभी शुरुआती ग्रोथ फेज में है। पावर डिमांड, EV, डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी जैसे बड़े थीम इसे आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि, इस सेक्टर के कई स्टॉक्स पहले ही महंगे हो चुके हैं, इसलिए एंट्री टाइमिंग बेहद अहम होगी। FII की खरीदारी एक बड़ा संकेत जरूर है, लेकिन यह गारंटी नहीं। निवेश से पहले वैल्यूएशन, कंपनी की गवर्नेंस और लॉन्ग टर्म ग्रोथ को जरूर समझें। सही रणनीति के साथ यह सेक्टर आने वाले सालों में बड़े रिटर्न दे सकता है।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
