बिजनेस

₹1.17 लाख करोड़ की बिकवाली के बीच FII का बड़ा दांव! 5 शेयरों में चुपचाप बढ़ाई हिस्सेदारी

Q4FY26 में ₹1.17 लाख करोड़ की बिकवाली के बावजूद FIIs ने 5 शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी। जानिए कौन से हैं ये स्टॉक्स और FIIs के इस एक्शन से निवेशकों को क्या संकेत मिल रहे हैं?

Image

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

FII Buying Stocks 2026 : भारतीय शेयर बाजार में Q4FY26 के दौरान विदेशी निवेशकों ने ₹1.17 लाख करोड़ की भारी बिकवाली की, जिससे बाजार में तेज गिरावट आई। लेकिन इस गिरावट के बीच FIIs ने कुछ चुनिंदा शेयरों में आक्रामक खरीदारी कर संकेत दिया है कि बाजार में अभी भी मजबूत अवसर मौजूद हैं।

बिकवाली के बीच छिपी खरीदारी की कहानी

Q4FY26 भारतीय बाजार के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। जनवरी में भारी बिकवाली, फरवरी में सुधार और फिर भू-राजनीतिक तनाव के चलते बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस दौरान FIIs ने कुल ₹1,17,172 करोड़ की बिकवाली की, जिससे निफ्टी और सेंसेक्स करीब 15% तक टूटे। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इस भारी बिकवाली के बावजूद विदेशी निवेशकों ने कुछ कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी 5% से ज्यादा बढ़ाई, जो उनके दीर्घकालिक भरोसे को दर्शाता है।

PC Jeweller: वैल्यूएशन और रिकवरी का कॉम्बिनेशन

ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी PC Jeweller में FIIs ने 6.97% हिस्सेदारी बढ़ाई। कंपनी का कर्ज 68% तक घटा है और बिजनेस रिकवरी के संकेत मिल रहे हैं।9M FY26 यानी वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 9 महीनों में कंपनी की बिक्री ₹1,544 करोड़ से बढ़कर ₹2,426 करोड़ और मुनाफा ₹480 करोड़ से बढ़कर ₹559 करोड़ पहुंचा। कम PE और मजबूत सुधार इसे आकर्षक बनाते हैं।

Bajaj Consumer Care: FMCG में ग्रोथ ट्रिगर

इस FMCG कंपनी में FIIs की हिस्सेदारी 6.89% बढ़ी। Almond Drop Hair Oil की मजबूत मांग और नए सेगमेंट में विस्तार कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट कर रहा है। FY26 में कंपनी का मुनाफा 53% बढ़कर ₹190 करोड़ पहुंचा, जबकि रेवेन्यू में 20% से ज्यादा की ग्रोथ दर्ज हुई।

Vishal Mega Mart: टियर-2, 3 की ताकत

रिटेल सेक्टर की यह कंपनी FIIs की पसंदीदा बनकर उभरी है, जहां हिस्सेदारी 6.49% बढ़ी। कंपनी तेजी से स्टोर विस्तार कर रही है और क्विक कॉमर्स सेगमेंट में भी मजबूत पकड़ बना रही है। 9MFY26 में मुनाफा 28% बढ़कर ₹701 करोड़ पहुंच गया।

MCX: कमोडिटी मार्केट का किंग

Multi Commodity Exchange में FIIs की हिस्सेदारी 5.43% बढ़ी। कंपनी का लगभग 99% मार्केट शेयर इसे मजबूत बनाता है। कमोडिटी डेरिवेटिव मार्केट में तेजी और नए प्रोडक्ट लॉन्च से कंपनी की आय 69% और मुनाफा 89% बढ़ा।

MTAR Technologies: डिफेंस और क्लीन एनर्जी पर दांव

इस इंजीनियरिंग कंपनी में FIIs ने 5.07% हिस्सेदारी बढ़ाई। मजबूत ऑर्डर बुक और क्लीन एनर्जी पर फोकस इसके ग्रोथ ड्राइवर हैं। 9MFY26 में मुनाफा ₹39.2 करोड़ से बढ़कर ₹49.7 करोड़ हो गया।

कंपनी का नामQ4 में FII हिस्सेदारी में बढ़ोतरी (%)कुल FII हिस्सेदारी (%)
PC Jeweller+6.97%13.28%
Bajaj Consumer Care+6.89%16.59%
Vishal Mega Mart+6.49%22.01%
MCX (Multi Commodity Exchange)+5.43%26.07%
MTAR Technologies+5.07%17.31%

क्या है बड़ा संकेत?

भले ही FIIs ने बाजार से पैसा निकाला हो, लेकिन इन चुनिंदा शेयरों में उनकी खरीद यह संकेत देती है कि वे पूरी तरह से भारत से बाहर नहीं हुए हैं। वे केवल मजबूत फंडामेंटल और ग्रोथ वाली कंपनियों पर फोकस कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article