बिजनेस

त्योहारी सीजन में लोगों ने जमकर पी शराब, दिसंबर तिमाही में अल्कोहोल इंडस्ट्री को 20% बढ़ोतरी का अनुमान

दिवाली और अब त्योहारी सीजन के जश्न और उत्सव के बीच शराब की मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी रफ्तार को देखते हुए विशेषज्ञों का अनुमान है कि अल्कोहोल उद्योग की बिक्री दिसंबर तिमाही में लगभग 20% तक बढ़ सकती है, जिससे इस सेक्टर को अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है।

Image

Alcohol Demand

त्योहारी सीजन में जैसे-जैसे लोग खुशियों और जश्न में डूबे, शराब की बिक्री में भी जोरदार बढ़त देखने को मिली। हाल ही में दिवाली पर अकेले दिल्ली वाले 600 करोड़ की शराब गटक गए। इस तेजी के चलते विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिसंबर तिमाही में अल्कोहोल उद्योग की बिक्री में लगभग 20% की वृद्धि हो सकती है। त्योहारी बिक्री में करीब दो अंक की तेजी के चलते अल्कोहल आधारित पेय उद्योग पूरे जोश में है। इसके साथ ही उद्योग का अनुमान है कि दिसंबर तिमाही में बिक्री करीब 20 प्रतिशत बढ़ेगी।

इन ब्रांड्स की सबसे ज्यादा डिमांड

उद्योग ने अंतिम चरण में चल रहे लगभग डेढ़ महीने के त्योहारी सत्र के दौरान सभी श्रेणियों की बिक्री में वृद्धि देखी। इस दौरान व्हिस्की खंड, स्कॉच, रम या वोदका, व्हाइट रम, जिन और टकीला जैसी व्हाइट स्पिरिट की अच्छी मांग रही। इस त्योहारी सत्र में उद्योग ने प्रीमियम श्रेणी के साथ ही छोटे दूसरी और तीसरी श्रेणी के बाजारों में भी उच्च वृद्धि देखी। रेडिको खेतान के मुख्य परिचालन अधिकारी अमर सिन्हा ने न्यूज एजेंसी भाषा को बताया, ‘‘हमने अपने प्रीमियम और लक्जरी पोर्टफोलियो में जबर्दस्त मांग के साथ एक बेहद उत्साहजनक त्योहारी सत्र देखा है। त्योहारी महीने भारत में खपत का एक प्रमुख समय बने हुए हैं। इस साल के प्रदर्शन ने प्रीमियम श्रेणी की स्पिरिट के लिए उपभोक्ताओं की बढ़ती पसंद की पुष्टि की है।

इंडस्ट्री को ग्रोथ की उम्मीद

रामपुर इंडियन सिंगल माल्ट से लेकर जैसलमेर इंडियन क्राफ्ट जिन जैसे इसके ब्रांड ने कई उच्च संभावना वाले बाजारों में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा, ''इस त्योहारी सत्र में बनी गति के साथ, हमें तीसरी तिमाही में भी एक स्वस्थ सकारात्मक गति बनाए रखने का भरोसा है।'' भारतीय अल्कोहल पेय कंपनियों के परिसंघ (सीआईएबीसी) के महानिदेशक अनंत एस अय्यर ने कहा, ''अल्कोहल उद्योग इस त्योहारी सत्र (अक्टूबर-दिसंबर) में बिक्री में 10-20 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद कर रहा है।'' उन्होंने कहा कि अच्छे मानसून और सकारात्मक आर्थिक परिदृश्य से बिक्री में तेजी आएगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article