Ahmedabad Hotel Hospital Beds: आईसीसी विश्व कप 2023 भारत बनाम पाकिस्तान को लेकर दीवानगी सिर चढ़ कर बोल रही है! दरअसल जो मैच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला है उसकी वजह से अहमदाबाद में होटल के कमरों की कीमतें आसमान छू रही हैं। जिसे देखते हुए क्रिकेट फैंस अनोखे आईडिया अपना रहे हैं। हाल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसमें मैच के लिए शहर के होटल में एक-दो रात रुकने के बजाय फैन्स अस्पताल के बेड बुक कर रहे हैं।
अस्पताल के बिस्तर होटल की बुकिंग से सस्ते
फैन्स शहर में अस्पताल के बिस्तरों की उपलब्धता के बारे में पूछताछ कर रहे हैं, जिसमें कथित तौर पर एक-दो रात ठहरने के लिए 3000 रुपये से 25,000 रुपये तक का खर्च आएगा। जो मैच को देखते हुए होटल मालिक द्वारा वसूले जा रहे 50,000 रुपये प्रति रात की दर से काफी कम है। अस्पताल के बिस्तरों में भोजन के साथ-साथ चिकित्सा जांच का अतिरिक्त लाभ भी है। इसके अलावा, यह विकल्प किफायती भी है, खासतौर पर उन कमरों में जिनमें ट्विन-शेयरिंग विकल्प है।
फुल बॉडी चेकअप की कह रहे बात
क्रिक ट्रैकर वेबसाइट के मुताबिक सान्निध्य मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के निदेशक डॉ. पारस शाह ने कहा, "चूंकि यह एक अस्पताल है, वे पूरे शरीर की जांच और रात भर रुकने के लिए कह रहे हैं, ताकि उनके दोनों उद्देश्य पूरे हो जाएं, आवास और स्वास्थ्य जांच पर पैसे की बचत होगी।"
15 अक्टूबर के आसपास ज्यादा इंक्वायरी
स्टर्लिंग हॉस्पिटल्स के चिकित्सा निदेशक डॉ. निखिल लाला ने कहा, “हमें भी हमारे अस्पताल में 24-48 घंटे रहने के लिए पूछताछ मिल रही है, खासकर 15 अक्टूबर के आसपास, क्योंकि हमारे पास फुल-बॉडी चेक-अप पैकेज भी है। यह 15 अक्टूबर को होने वाले आगामी विश्व कप भारत-पाकिस्तान मैच के कारण है। हमारे अस्पतालों की तरह, अन्य शहर के अस्पतालों में भी स्थिति समान है. इसलिए, हम अन्य स्वास्थ्य पैकेज लाने के बारे में सोच रहे हैं,''
5 अक्टूबर को आईसीसी विश्व कप 2023 इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पिछले संस्करण के फाइनल के दोबारा मैच के साथ अहमदाबाद में शुरू हो रहा है। भारत अपना अभियान तीन दिन बाद चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू करेगा।
