यूटिलिटी

EPFO ने शुरू किया WhatsApp चैनल: क्या इससे कर पाएंगे EPF, EPS और EDLI से जुड़े काम? जानें जुड़ने का तरीका

EPFO ने सदस्यों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए वॉट्सऐप चैनल शुरू किया है। हालांकि, पीएफ क्लेम व अन्य सेवाओं के लिए सदस्यों को उमंग ऐप या आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करना होगा।

Image

EPFO ने शुरू किया WhatsApp चैनल

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) देश भर के करोड़ों कर्मचारियों की गाढ़ी कमाई और सामाजिक सुरक्षा का प्रबंधन करता है। अपने करोड़ों सदस्यों तक योजनाओं और नए नियमों की सही जानकारी तेजी से पहुंचाने के लिए EPFO आधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सहारा ले रहा है। इसी पहल के तहत संगठन ने अपना आधिकारिक वॉट्सऐप चैनल शुरू किया है, जिससे अब तक 2 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स जुड़ चुके हैं।

EPFO वॉट्सऐप चैनल पर क्या-क्या जानकारियां मिलती हैं?

EPFO अपने वॉट्सऐप चैनल के माध्यम से पीएफ खाताधारकों और नियोक्ता (Employers) दोनों के लिए बेहद उपयोगी अपडेट शेयर करता है। इस चैनल पर उपलब्ध मुख्य जानकारियां और सेवाएं इस प्रकार हैं:-

  • योजनाओं और फैसलों की जानकारी:- EPF (कर्मचारी भविष्य निधि), EPS (कर्मचारी पेंशन योजना) और EDLI (कर्मचारी जमा सहबद्ध बीमा) से जुड़ी सभी नई घोषणाओं, समय-सीमा और फैसलों की जानकारी मिलती है।
  • शिकायत निवारण शिविर:- संगठन द्वारा आयोजित किए जाने वाले जन-सुनवाई शिविरों और सहायता शिविरों के बारे में अपडेट दिया जाता है।
  • ट्यूटोरियल और जागरूकता वीडियो:- चैनल पर यूट्यूब वीडियो के लिंक साझा किए जाते हैं, जिनके जरिए सदस्य पीएफ एडवांस निकालने के तरीके, नौकरी बदलने के बाद योगदान जारी रखने की प्रक्रिया और 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' जैसी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं।

क्या वॉट्सऐप से पूरे हो सकेंगे EPF, EPS और EDLI के काम?

अगर आप सोच रहे हैं कि वॉट्सऐप के जरिए पीएफ निकालना, पासबुक चेक करना या पेंशन का क्लेम सबमिट करना संभव होगा, तो इसका जवाब 'नहीं' है। EPFO का वॉट्सऐप चैनल केवल सूचनात्मक अपडेट के लिए है। इस चैनल के माध्यम से आप सीधे तौर पर कोई भी क्लेम या टास्क पूरा नहीं कर सकते। EPF, EPS और EDLI से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए सदस्यों को आधिकारिक EPFO पोर्टल या UMANG App का ही उपयोग करना होगा। इसके अलावा, सदस्य अपने नजदीकी क्षेत्रीय ईपीएफ कार्यालय जाकर ऑफलाइन माध्यम से भी काम करा सकते हैं।

EPFO के वॉट्सऐप चैनल से कैसे जुड़ें?

EPFO के आधिकारिक वॉट्सऐप चैनल से जुड़ना बेहद आसान है। इसके लिए आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:-

  • अपने मोबाइल में वॉट्सऐप खोलें और 'Updates' या 'Channels' टैब में जाएं।
  • आधिकारिक लिंक [https://www.whatsapp.com/channel/0029Vb6kmH48Pgs8ftd6Kw3Y](https://www.whatsapp.com/channel/0029Vb6kmH48Pgs8ftd6Kw3Y) पर क्लिक करें।
  • चैनल पेज खुलने के बाद ऊपर दिए गए 'Follow' बटन पर टैप करें।

नियोक्ताओं के लिए राहत: ECR दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ी

वॉट्सऐप अपडेट्स के साथ ही EPFO ने नियोक्ताओं (Employers) को एक बड़ी राहत दी है। संगठन ने सितंबर 2026 के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स चालान-कम-रिटर्न (ECR) दाखिल करने की समय-सीमा को 15 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दिया है।

EPFO के अनुसार, वेतन सीमा (Wage Ceiling) में संशोधन के कारण नियोक्ताओं को ECR फाइलिंग के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता थी, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ECR एक इलेक्ट्रॉनिक मासिक रिटर्न होता है, जिसे नियोक्ता EPFO पोर्टल पर अपलोड करते हैं। इसमें कर्मचारियों के वेतन, EPF, EPS और EDLI योगदान का पूरा ब्योरा शामिल होता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article