शहर

16 साल बाद लव मैरिज का खूनी अंत, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने किया पति का मर्डर, सब्जी वाले चाकू से उतारा मौत के घाट

Faridabad News: फरीदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक पत्नी ने शादी के 16 साल बाद प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि पति और पत्नी की करीब 16 साल पहले लव मैरिज हुई थी।

Image

फरीदाबाद में पत्नी ने किया पति का मर्डर (फोटो साभार- TNN)

Faridabad News: फरीदाबाद में लव मैरिज के 16 साल बाद पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पल्ला थाना पुलिस ने पति गोपाल की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी काजल और उसके बॉयफ्रेंड बाउंसर योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि काजल ने 16 साल पहले गोपाल से लव मैरिज की थी। दोनों की मुलाकात कंपनी में काम के दौरान हुई थी। काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ हाथरस आ गई थी। उस वक्त उसकी पहली शादी से बेटी शालनी 5 साल की थी।

16 साल पहले हुई थी काजल और गोपाल की शादी

गोपाल मूल रूप से हाथरस के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह 20 साल से फरीदाबाद में मशीन ऑपरेटर की नौकरी कर रहा था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। भाइयों के मुताबिक गोपाल ने शादी के बाद गांव में मकान बनवाया और काजल बच्चों के साथ वहीं रहने लगी। गोपाल और काजल के तीन बच्चे हैं - तनुज 10 साल, हन्नी 6 साल और भूरी 3 साल। परिवार सामान्य चल रहा था। करीब 3 साल पहले गांव में ही रहने वाले योगेंद्र का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ।

गोपाल की गैरमौजूदगी में घर आने लगा योगेंद्र

गोपाल और योगेंद्र दोस्त थे, लेकिन धीरे-धीरे गोपाल की गैरमौजूदगी में भी योगेंद्र घर आने लगा। परिवार को जब काजल और योगेंद्र के रिश्ते का पता चला तो विरोध किया गया। आरोप है कि काजल ने उन्हें फंसाने की धमकी दी। गोपाल को भी इस रिश्ते के बारे में पता चलने पर पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया। कई महीनों से गोपाल गांव नहीं गया था।

पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते काजल ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 13 अक्टूबर को काजल बच्चों को लेकर फरीदाबाद पहुंची और 14 अक्टूबर को योगेंद्र को भी बुला लिया। 14-15 अक्टूबर की रात गोपाल शराब पीकर घर आया और एक कमरे में सो गया। आरोप है कि काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार कर हत्या कर दी। बच्चे दूसरे कमरे में थे।

हत्या के बाद पत्नी ने बनाई झूठी कहानी

हत्या के बाद काजल ने घर में बदमाश घुसने और मारपीट की कहानी बनाई। भतीजी शालिनी ने फोन कर परिवार को बताया कि पापा बेहोश पड़े हैं। परिवार मौके पर पहुंचा तो काजल की कहानी पर शक हुआ। तब तक पुलिस काजल को ले जा चुकी थी। पूछताछ में काजल ने हत्या कबूल कर ली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। गोपाल के भाई ने बेटी शालिनी पर भी शक जताया था, लेकिन जांच में उसकी भूमिका नहीं मिली।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article