बिजनेस

EPFO अकाउंट होल्डर्स को फ्री में मिलता है ₹7 लाख का कवर! ऐसे उठा सकते हैं फायदा

अगर आप EPFO के मेंबर हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है. क्या आपको पता है कि EPFO अकाउंट होल्डर्स को फ्री में 7 लाख का बीमा कवर मिलता है? यह स्कीम आपके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देती है, और इसकी खास बात यह है कि इसके लिए आपके वेतन से एक भी पैसा नहीं कटता पूरा प्रीमियम आपकी कंपनी भरती है।

Image

EPFO

ज्यादातर नौकरीपेशा लोग अपने EPF (कर्मचारी भविष्य निधि) खाते को सिर्फ रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली रकम या पेंशन से जोड़कर देखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस खाते से आपको 7 लाख रुपये तक का मुफ्त जीवन बीमा भी मिलता है? जी हां, अगर आप EPF के सदस्य हैं, तो आप EDLI स्कीम (Employee Deposit Linked Insurance) के तहत कवर रहते हैं। यह स्कीम आपके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देती है, और इसकी खास बात यह है कि इसके लिए आपके वेतन से एक भी पैसा नहीं कटता पूरा प्रीमियम आपकी कंपनी भरती है।

क्या है EDLI स्कीम?

EDLI यानी Employee Deposit Linked Insurance स्कीम, EPFO की तरफ से दी जाने वाली एक बीमा योजना है। यह EPF और EPS (कर्मचारी पेंशन योजना) के साथ मिलने वाला तीसरा बड़ा लाभ है। जब तक आप EPF के सक्रिय सदस्य हैं, तब तक यह बीमा कवर आपको मिलता रहता है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि बीमा का मतलब प्रीमियम देना होता है, लेकिन इस स्कीम में ऐसा नहीं है। कंपनी हर महीने आपके बेसिक वेतन + डीए (Dearness Allowance) का 0.5% EDLI में जमा करती है। यानी आपके लिए यह बीमा पूरी तरह से फ्री है। यह स्कीम संगठित क्षेत्र के करोड़ों कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

कब मिलता है 7 लाख तक का बीमा?

अगर किसी कर्मचारी की नौकरी के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार या नॉमिनी को इस स्कीम के तहत बीमा की राशि दी जाती है। यानी चाहे कर्मचारी ऑफिस में हो, घर पर या छुट्टी पर अगर उसकी मृत्यु नौकरी के दौरान होती है, तो उसका परिवार इस योजना का लाभ उठा सकता है। इस योजना के तहत न्यूनतम राशि 2.5 लाख रुपये और अधिकतम राशि 7 लाख रुपये मिलती है। रकम का निर्धारण कर्मचारी के पिछले 12 महीनों के वेतन और उसके PF बैलेंस के आधार पर होता है। यह सुविधा हर उस व्यक्ति को मिलती है, जिसका पीएफ कटता है चाहे वह स्थायी कर्मचारी हो या कॉन्ट्रैक्ट पर।

अगर कंपनी लापरवाही करे तो क्या होगा?

EDLI स्कीम में योगदान देना कंपनी की जिम्मेदारी होती है। अगर नियोक्ता समय पर यह योगदान नहीं करता, तो उस पर 1% प्रति माह जुर्माना लगाया जाता है। यह जुर्माना कंपनी को खुद भरना होता है, कर्मचारी से नहीं। हालांकि, अगर कंपनी किसी गंभीर आर्थिक संकट में है, तो EPFO बोर्ड कभी-कभी जुर्माना घटा या माफ कर सकता है, लेकिन यह बहुत दुर्लभ स्थिति होती है।

7 लाख रुपये का कैलकुलेशन कैसे होता है?

EDLI स्कीम की राशि निकालने का एक फॉर्मूला तय है

(पिछले 12 महीनों का औसत वेतन × 35) + (PF बैलेंस का 50%)

यहां औसत वेतन की अधिकतम सीमा ₹15,000 और PF बैलेंस वाले हिस्से की अधिकतम सीमा ₹1.75 लाख रखी गई है।

इस तरह कैलकुलेशन होगा —

(15,000 × 35) = ₹5,25,000

₹1,75,000

= ₹7,00,000 (अधिकतम बीमा राशि)

यानि अगर किसी कर्मचारी की नौकरी के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को ₹7 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिल सकता है वो भी बिना एक भी पैसा खर्च किए। इसलिए, अगली बार जब आप अपने PF बैलेंस की बात करें, तो याद रखें इसमें आपकी जीवन सुरक्षा भी छिपी है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article