EPF Interest Credit 2026 : कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है। वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) का EPF ब्याज जल्द ही कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से इस बार 8.25% सालाना ब्याज दर के हिसाब से ब्याज दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह ब्याज 15 जुलाई 2026 तक खातों में दिखाई देने लगेगा। EPF पर मिलने वाला सालाना ब्याज 8.25% है, जिसका मासिक हिसाब करीब 0.688% बैठता है। यानी हर महीने आपके EPF खाते में मौजूद बैलेंस के आधार पर ब्याज की गणना की जाती है। कर्मचारी इस ब्याज को EPFO की ई-पासबुक सुविधा के जरिए ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
EPF ब्याज की गणना कैसे होती है?
EPF खाते में जमा राशि पर ब्याज की गणना हर महीने के क्लोजिंग बैलेंस के आधार पर की जाती है। वित्त वर्ष के दौरान कर्मचारी और नियोक्ता (Employer) दोनों की ओर से किए गए योगदान पर ब्याज लागू होता है। हालांकि, कर्मचारी को यह समझना जरूरी है कि नियोक्ता का पूरा 12% योगदान EPF खाते में नहीं जाता है। नियोक्ता के 12% योगदान में से 3.67% हिस्सा EPF खाते में जमा होता है, जबकि 8.33% हिस्सा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जाता है। EPS वाले हिस्से पर EPF की तरह ब्याज नहीं मिलता है। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी का बेसिक वेतन और महंगाई भत्ता (DA) मिलाकर 50,000 रुपये प्रति माह है, तो EPF योगदान की गणना 15,000 रुपये की अधिकतम सीमा के आधार पर की जाती है।
50,000 रुपये वेतन पर कितना मिलेगा EPF ब्याज?
अगर कर्मचारी का बेसिक वेतन और DA 50,000 रुपये है, तो उसका EPF योगदान इस प्रकार होगा। कर्मचारी का योगदान (12%): 1,800 रुपये प्रति माह, नियोक्ता का EPF योगदान (3.67%): करीब 550 रुपये प्रति माह, नियोक्ता का EPS योगदान (8.33%): 1,250 रुपये प्रति माह। इस तरह EPF खाते में कुल मासिक जमा राशि 3,150 रुपये होगी। इस राशि पर 8.25% सालाना ब्याज दर के हिसाब से करीब 0.688% मासिक ब्याज मिलेगा। यानी इस उदाहरण में कर्मचारी को करीब 25 रुपये प्रति माह ब्याज प्राप्त होगा।
EPF ब्याज पर टैक्स नियम भी जानें
EPF पर मिलने वाला ब्याज सामान्य परिस्थितियों में टैक्स फ्री होता है। पुराने टैक्स सिस्टम में कर्मचारी को धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स छूट भी मिलती है। हालांकि, अगर कोई कर्मचारी अपनी इच्छा से अतिरिक्त योगदान यानी Voluntary Provident Fund (VPF) में पैसा जमा करता है और उसका कुल सालाना योगदान (कर्मचारी का 12% योगदान + VPF) 2.5 लाख रुपये से अधिक हो जाता है, तो अतिरिक्त राशि से मिलने वाले ब्याज पर टैक्स लगाया जा सकता है।
ऐसे चेक करें EPF ब्याज और पासबुक डिटेल
EPFO सदस्य अपना ब्याज क्रेडिट और खाते की पूरी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ई-पासबुक सुविधा का इस्तेमाल करना होगा। EPF बैलेंस चेक करने के लिए ये स्टेप फॉलो करें:-
- EPFO की वेबसाइट पर जाएं और अपने UAN नंबर से लॉगिन करें।
- ऊपर दिए गए मेन्यू में “View” विकल्प पर क्लिक करें।
- ड्रॉपडाउन में जाकर “Passbook” विकल्प चुनें।
- अपने UAN और पासवर्ड से पासबुक पोर्टल पर लॉगिन करें।
- यहां आपको अलग-अलग कंपनियों के Member ID दिखाई देंगे।
- संबंधित Member ID के सामने “View Passbook” पर क्लिक करके पूरी जानकारी देख सकते हैं।
- जरूरत पड़ने पर पासबुक का PDF भी डाउनलोड किया जा सकता है।
- इसके अलावा कर्मचारी UMANG ऐप के जरिए भी अपनी PF पासबुक देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
34 करोड़ EPF सदस्यों को मिलेगा फायदा
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया है कि EPFO वित्त वर्ष 2025-26 के लिए करीब 34 करोड़ सदस्यों के EPF खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। इस बार कुल ब्याज राशि 1.4 लाख रुपये करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि ब्याज राशि पहले ऑटोमैटिक तरीके से प्रोसेस होगी और फिर संबंधित अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद कर्मचारियों के खातों में जमा की जाएगी। ब्याज अपडेट होने के बाद पासबुक में “interest updated up to 15/07/2026” जैसी जानकारी दिखाई दे सकती है।
EPFO की डिजिटल सुविधा से सदस्यों को राहत
EPFO ने अपनी डिजिटल सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए 2.01 CITES (Centralised IT Enabled Services) सिस्टम लागू किया है। इसके जरिए कर्मचारियों को अपने PF खाते से जुड़ी जानकारी कहीं से भी ऑनलाइन देखने की सुविधा मिल रही है। नई व्यवस्था में कर्मचारी अपने PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस, पेंशन सेवा रिकॉर्ड और अन्य सुविधाओं की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही क्लेम भुगतान की प्रक्रिया भी तेज होगी और राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। EPF खाताधारकों के लिए यह अपडेट महत्वपूर्ण है क्योंकि अब वे घर बैठे अपने खाते में जमा ब्याज और अन्य जानकारी आसानी से चेक कर सकेंगे।
