बिजनेस

IPO Update: इन 2 कंपनियों के IPO का प्राइस बैंड फिक्स, जानें रेट और दूसरी डिटेल

Energy Mission And Aadhar Housing IPO Update: आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने अपने 3,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 300-315 रुपये प्रति शेयर तय किया है। जबकि एनर्जी मिशन मशीनरीज (इंडिया) लिमिटेड ने अपने प्राइस बैंड 131-138 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

Image

आईपीओ अपडेट

Energy Mission And Aadhar Housing IPO Update:एनर्जी मिशन मशीनरीज (इंडिया) लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए प्राइस बैंड 131-138 रुपये प्रति शेयर तय कर दिया है। कंपनी का 41 करोड़ रुपये का आईपीओ नौ मई को खुलकर 13 मई को बंद होगा। कंपनी के शेयर एनएसई एसएमई के मंच ‘इमर्ज’ पर सूचीबद्ध किए जाएंगे।आईपीओ दस्तावेज के अनुसार, निर्गम के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य के 29.82 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं है।

इसी तरह निजी इक्विटी कंपनी ब्लैकस्टोन समर्थित आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने अपने 3,000 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए प्राइस बैंड 300-315 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी ने बयान में कहा कि उसका आईपीओ आठ मई को खुलकर 10 मई को बंद होगा।

क्या है प्लानिंग

एनर्जी मिशन मशीनरीज आईपीओ से प्राप्त राशि का इस्तेमाल अपनी विस्तार योजनाओं के वित्तपोषण के लिए करना चाहती है। इसमें सिविल निर्माण कार्य सहित गुजरात के साणंद में मौजूदा विनिर्माण इकाई में एक नया संयंत्र तथा मशीन शामिल हैं।इसके अलावा कंपनी निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए भी करेगी।

वहीं आधार हाउसिंग आईपीओ के तहत 1,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। ब्लैकस्टोन ग्रुप इंक की सहयोगी कंपनी बीसीपी टोप्को 7 प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 2,000 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।फिलहाल आधार हाउसिंग में बीसीपी टोप्को की 98.72 प्रतिशत हिस्सेदारी है और आईसीआईसीआई बैंक की 1.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है।कंपनी आईपीओ से मिलने वाली राशि में से 750 करोड़ रुपये का इस्तेमाल भविष्य की पूंजीगत जरूरतों के लिए करेगी।आधार हाउसिंग फाइनेंस को आईपीओ के लिए इसी महीने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी मिली थी।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article